FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandगणाई गंगोली

बंदरों के आतंक से दहला कोलूभैर, शिक्षक को 600 मीटर तक दौड़ाया; बाल-बाल बची जान।

  • ​गणाई गंगोली के ग्राम कोलूभैर में ग्रामीणों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा
  • ​घरों से लेकर खेतों तक बंदरों का तांडव, वन विभाग से तत्काल ‘बंदर पकड़ो अभियान’ चलाने की मांग

​गणाई गंगोली (पिथौरागढ़):संवाददाता कुन्दन मेहता। 

समीपवर्ती ग्राम कोलूभैर में बंदरों का आतंक अपने चरम पर पहुंच गया है। आए दिन बंदरों के हिंसक झुंड ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को अपना निशाना बना रहे हैं, जिससे पूरे गांव में भय का माहौल व्याप्त है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि लोग अकेले अपने घरों से बाहर निकलने में भी कतरा रहे हैं।

​ताजा मामला आज सुबह का है, जब गांव के शिक्षक हरीश कोठारी पर बंदरों के एक बड़े झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों ने काटने की नीयत से शिक्षक को करीब 600 मीटर तक दौड़ाया। शिक्षक कोठारी ने किसी तरह भागकर और खुद को बचाकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया, तो गांव में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

​खाद्य सामग्री और फसलों को भारी नुकसान

बंदर न केवल राहगीरों पर हमला कर रहे हैं, बल्कि घरों में घुसकर खाद्य सामग्री और रसोई के सामान को तहस-नहस कर रहे हैं। इसके अलावा खेतों में खड़ी फसलों को भी लगातार बर्बाद किया जा रहा है। ग्रामीण लंबे समय से इस संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई राहत नहीं मिल पाई है।

​वन विभाग व प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से गुहार लगाई है कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभावित इलाकों में चिन्हित कर तत्काल ‘बंदर पकड़ो अभियान’ चलाया जाए।

​ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया और गांव में किसी प्रकार की जनहानि होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाना बेहद आवश्यक है।

Share This News