FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़ में नवंबर-दिसंबर में सजेगा ‘हिमालयन कार्निवाल’, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा की।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आगामी नवंबर-दिसंबर माह में पांच दिवसीय ‘हिमालयन कार्निवाल’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। नगर के ऐतिहासिक देव सिंह मैदान में आयोजित होने वाले इस उत्सव में सांस्कृतिक विविधता, स्थानीय कला और व्यापारिक गतिविधियों का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

​बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में कार्निवाल की रूपरेखा, नाम, लोगो, आयोजन स्थल और संभावित तिथियों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस आयोजन को जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय पटल पर एक नई पहचान देने के रूप में विकसित किया जाए।

​स्थानीय कलाकारों और उत्पादों को मिलेगा बड़ा मंच

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्निवाल में स्थानीय एवं बाहरी क्षेत्रों के सांस्कृतिक दलों और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय हस्तशिल्प, कृषि और अन्य उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए व्यापारिक प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी।

​समन्वय और जनभागीदारी पर जोर

आयोजन को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्निवाल में स्थानीय लोगों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित की जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, उप निदेशक पर्यटन अतुल भंडारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This News