berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

बेरीनाग के डाडल में भालू के हमले से दराती लेकर भिड़ी महिला, दो शावकों को वन विभाग ने किया रेस्क्यू  । 

‎बेरीनाग संवाददाता

‎​बेरीनाग/ थल के पाँखू  के डाडल गांव में खेत में काम कर रही 52 वर्षीय महिला पर मादा भालू ने अचानक हमला कर दिया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए हाथ में मौजूद दराती से मुकाबला किया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों की वजह से भालू भाग खड़ा हुआ, हालांकि महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है।

‎     घटना  शाम करीब 5 बजे की है। डाडल गांव निवासी 52 वर्षीय चम्पा देवी अपने घर से लगभग 100 मीटर दूर खेत में घास काट रही थीं। इसी दौरान एक मादा भालू अपने दो बच्चों (शावकों) के साथ वहां से गुजर रही थी। बच्चों की सुरक्षा को लेकर आक्रामक होते हुए मादा भालू ने अचानक चम्पा देवी पर हमला कर दिया और उनके पैर पर काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

‎हमला होते ही चम्पा देवी घबराई नहीं और उन्होंने हाथ में पकड़ी दराती से ही खुद का बचाव करते हुए भालू का सामना किया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। भारी संख्या में ग्रामीणों को आता देख मादा भालू डरकर जंगल की ओर भाग गई।

 

‎   ​पेड़ और जाल में फंसे शावक, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

‎हड़बड़ाहट के बीच दोनों शावक खेत में ही छूट गए। इनमें से एक शावक घबराकर पास के एक पेड़ पर चढ़ गया, जबकि दूसरा खेत में पड़े एक जाल में फंस गया। ग्रामीणों की सूचना पर एसडीओ बेरीनाग नेहा सौन और वन क्षेत्राधिकारी चंदा मेहरा की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने दोनों शावकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर घने जंगल में छोड़ दिया।

‎    ​घायल महिला हायर सेंटर रेफर, इलाके में गश्त तेज

‎घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल चम्पा देवी को तत्काल इलाज के लिए हायर सेंटर बागेश्वर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

‎​सामाजिक कार्यकर्ता केशर महरा और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, डाडल व मसूरिया क्षेत्र में पिछले कुछ समय से 4 भालुओं की आवाजाही से दहशत का माहौल बना हुआ है। एसडीओ नेहा सौन ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें आबादी से दूर खदेड़ने के लिए इलाके में कैमरे व तेज आवाज करने वाले साउंड उपकरण लगाए जा रहे हैं।

‎

Share This News