berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

चौकोड़ी पहुँचा कैलाश मानसरोवर यात्रा का चौथा दल, लोकसंस्कृति और भजनों के बीच हुआ भव्य स्वागत।

 

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता। 

​बेरीनाग के चौकोड़ी पवित्र श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा का 47 सदस्यीय चतुर्थ दल शुक्रवार को पर्यटक आवास गृह, चौकोड़ी पहुँचा। आवास गृह आगमन पर यात्रियों का स्थानीय परंपरा और अपार उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया।

​पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में क्षेत्र की मातृशक्ति और स्कूली बच्चों ने यात्रियों को तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा कर तथा फूल-मालाएँ पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

​यात्रा की यादें देख भावुक हुए श्रद्धालु-

​प्रबंधक दीपक पंत द्वारा यात्रा मार्ग के दौरान यात्रियों की एकत्र की गई तस्वीरों को टीवी स्क्रीन के माध्यम से सरप्राइज के तौर पर दिखाया गया। अपनी यात्रा के इन सुखद क्षणों को अचानक पर्दे पर देखकर श्रद्धालु अत्यंत भावविभोर हो गए।

​शिव भजनों और लोकनृत्य से गूंजा परिसर

​स्वागत कार्यक्रम के दौरान भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कैलाश यात्रियों ने चौकोड़ी की मातृशक्ति के साथ मिलकर कुमाऊंनी और हिंदी शिव भजनों की प्रस्तुति दी। कुछ श्रद्धालुओं ने स्वयं भी अपनी सुरीली आवाज में भजन सुनाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

​इसके पश्चात स्थानीय स्कूली बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मातृशक्ति ने अपनी पारंपरिक कुमाऊंनी पोशाक में प्रसिद्ध लोकनृत्य ‘छोलिया/चांचरी’ की प्रस्तुति दी, तो वहीं उत्साह में आकर यात्रियों ने भी जमकर गरबा किया।

​निगम, विदेश मंत्रालय और आईटीबीपी की सराहना

​चौकोड़ी में हुए इस आत्मीय और भव्य स्वागत से कैलाश यात्री बेहद उत्साहित और गदगद नज़र आए। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं के लिए कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN), विदेश मंत्रालय तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के समर्पण और सेवाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

​आगे का यात्रा कार्यक्रम-

​यह चतुर्थ दल अपने अगले पड़ाव के लिए कल सुबह रवाना होगा। यात्री प्रसिद्ध सिद्धपीठ पाताल भुवनेश्वर, गंगोलीहाट और जागेश्वर धाम में दर्शन-पूजन करने के पश्चात रात्रि विश्राम के लिए अल्मोड़ा पहुँचेंगे।

Share This News