शिवमहापुराण कथा से भक्तिमय हुआ खितोली का ऐतिहासिक कालसिन मंदिर।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बेरीनाग विकासखंड बेरीनाग के खितोली गांव स्थित ऐतिहासिक कालसिन मंदिर में चल रही संगीतमय श्री महा शिवपुराण कथा के आठवें दिन समूचा क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन वेला में भव्य पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। मुख्य यजमान भुवन चंद्र पंत ने सपत्नीक एवं सपरिवार विधि-विधान से देव पूजन संपन्न कर अनुष्ठान का पुण्य लाभ अर्जित किया।
दोपहर एक बजे से व्यासपीठ पर विराजमान प्रसिद्ध कथाव्यास आचार्य किशोर जोशी ने श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया। इस दौरान उन्होंने भगवान शिव के द्वादश ज्योतिर्लिंगों की महिमा और शिव लीलाओं के विभिन्न प्रसंगों का अत्यंत मनमोहक एवं विस्तृत वर्णन किया। कथाव्यास की ओजस्वी वाणी और मंदिर परिसर में गूंजते मधुर शिव भजनों व ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर होकर झूम उठा।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:
इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान को सफल बनाने में पुजारी तारा दत्त पंत, नगर पालिका अध्यक्ष हेमवंती पंत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेम पंत, पूर्व विधायक मीना गंगोला, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य करम राम, सभासद नीरू कार्की, पूर्व मंडल महामंत्री विमलेश पंत, नगर भाजपा सोशल मीडिया प्रभारी निखिल पंत सहित दीपू उप्रेती,आदि कई लोग थे।

