ओम पर्वत पर फिर चमकने लगी प्राकृतिक ‘ॐ’ की आकृति; 15 सितंबर से दोबारा शुरू होगी आदि कैलाश यात्रा।

पिथौरागढ़ संवाददाता
पिथौरागढ।उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले स्थित व्यास घाटी में बर्फबारी के साथ प्रसिद्ध ओम पर्वत पर प्राकृतिक ‘ॐ’ की आकृति एक बार फिर स्पष्ट दिखाई देने लगी है। हाल ही में हुए तापमान में गिरावट और हल्की बर्फबारी के बाद पर्वत की काली चट्टानों पर सफेद बर्फ जमने से यह स्वरूप फिर से उभर आया है।
- 15 सितंबर से यात्रा होगी शुरू
मानसून, भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जुलाई व अगस्त के महीने में स्थगित की गई आदि कैलाश और ओम पर्वत यात्रा को 15 सितंबर से पुनः शुरू करने की तैयारी है। बरसात का मौसम समाप्त होने के बाद यात्रियों के लिए इनर लाइन परमिट जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। यात्रा रुकने से पहले तक इस वर्ष लगभग 52 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
- मौसम चक्र में बदलाव और पिघलती बर्फ
गर्मियों के दिनों में तापमान बढ़ने के कारण जुलाई-अगस्त के दौरान पर्वत से बर्फ पिघलकर लगभग नाममात्र रह गई थी, जिससे यह आकृति ओझल हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम के मिजाज में बदलाव आया है। वर्ष 2016 में पहली बार ऐसा देखा गया था जब बर्फ घटने से ‘ॐ’ की आकृति गायब हो गई थी। इसके बाद 2024 में भी बर्फ पूरी तरह पिघल गई थी।
- श्रद्धालुओं और पर्यटकों में खुशी की लहर
ताज़ा बर्फबारी से ‘ॐ’ का स्वरूप दोबारा स्पष्ट होने से व्यास घाटी जाने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह है। यात्रा शुरू होने के साथ ही श्रद्धालुओं को एक बार फिर इस दिव्य और प्राकृतिक दृश्य के दर्शन का अवसर मिलेगा।

