महाविद्यालय में रंगारंग कार्यक्रम के साथ हुआ दो दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह का समापन।
एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित स्वर्णजयंती समारोह के दूसरे दिन स्वर्णजयंती समारोह का समापन हुआ। समारोह के द्वितीय दिवस पर मुख्य अतिथि अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय टम्टा केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री भारत सरकार तथा विशिष्ट अतिथि उच्च शिक्षा निदेशक, उत्तराखंड प्रोफेसर बी. एन. खाली, पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक प्रोफेसर सी. डी. सूंठा तथा प्रोफेसर हितेश कुमार जोशी, पूर्व विधायक गंगोलीहाट विधान सभा क्षेत्र श्रीमती मीना गंगोला रहे।

मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में स्वर्ण जयंती के अवसर पर बधाई देते हुए उत्तराखंड के अतीत के शिक्षा सुविधाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने नारी शिक्षा पर ज़ोर देते हुए बताया कि पुराने समय में किसी भी बेटी को स्कूल जाने से मन किया जाता था।आज के समय में बेटियां शिक्षा के माध्यम से अपने लक्ष्य को प्राप्त कर रही हैं।

उन्होंने देश की समृद्धि पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि निदेशक(उच्च शिक्षा), उत्तराखंड प्रोफेसर खाली ने अपने उदबोधन में महाविद्यालय के पचास वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए महाविद्यालय को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर होने की शुभकामनाएं दी। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की बात कही। पूर्व निदेशक(उच्च शिक्षा) प्रोफेसर सूंठा ने अपने उदबोधन में व्यक्तित्व विकास हेतु आध्यात्मिक शिक्षा पर भी ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

उन्होंने महाविद्यालय में चार वर्ष की सेवा का अनुभव भी साझा किया तथा कौशल विकास को बढ़ावा देने की बात कही। कार्यक्रम में डॉ. सुनील पंत ने महाविद्यालय के पचास वर्ष का संक्षिप्त इतिहास सफरनामा के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में विभागीय गतिविधियों में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित किये गए। कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. बी.एस. बिष्ट को बेस्ट टीचर अवार्ड से मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

इसके उपरांत द्वितीय सत्र में महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा डॉ. अंजली देवी यादव के नेतृत्व में सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में शिक्षा के साथ-साथ संस्कारवान होने की बात कही। उन्होंने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि समेत कार्यक्रम में उपस्थित समस्त अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र तथा डॉ. रश्मि सेलवाल ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।


