40 वर्षों से 3 किमी सड़क का इंतजार कर रहें हैं जीबल गांव के ग्रामीण ।

3 माह में सड़क का कार्य प्रारंभ ना होने पर दी आंदोलन की चेतावनी ।
हरगोविंद रावल
गंगोलीहाट विकासखंड के गुप्तड़ी (घाटी) से जीबल मोटर मार्ग का लगभग 3 किलोमीटर मात्र बिगद 40 वर्षों से निर्माण की प्रतीक्षा कर रहा है। इस दौरान अनेक सरकारें बदलीं जनप्रतिनिधि बदले और कई घोषणाएं हुईं लेकिन आज भी ग्रामीणों को इस सड़क का लाभ नहीं मिल सका। स्थिति ऐसी है कि कई स्थानों पर वाहन चलाना तो दूर पैदल आवागमन भी जोखिम भरा बना हुआ है। जीबल गांव निवासी समाजसेवी नीरज मेहरा एवं अन्य ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से पत्र रुद्र टाइम्स को देते हुए कहा कि यह केवल सड़क निर्माण का विषय नहीं बल्कि क्षेत्रवासियों के सम्मान, सुरक्षा और समान विकास के अधिकार का प्रश्न है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, पूर्व सैनिक, महिलाएं और युवा पिछले चार दशकों से इस सड़क की मांग लगातार उठाते रहे हैं लेकिन आज तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि कई बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सूचना का अधिकार (RTI) तथा संबंधित विभागों के माध्यम से लगातार पत्राचार भी किया गया। विभागीय अभिलेखों के अनुसार सड़क की डीपीआर तैयार हो चुकी है तथा तकनीकी परीक्षण सहित आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूर्ण हो चुकी हैं लेकिन सड़क केवल कागजों तक ही सीमित है । ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अब जनता केवल कागजी कार्यवाही नहीं बल्कि निर्माण कार्य को धरातल पर शुरू होते देखना चाहती है। ग्रामीणों ने राज्य सरकार व संबंधित विभागों एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि अगले तीन माह के भीतर सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर धरातल पर कार्य प्रारंभ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित अवधि में कार्य शुरू नहीं होता है तो जीबल एवं आसपास के गांवों के लोग लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक दायरे में रहकर व्यापक जनआंदोलन करने तथा अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि चार दशकों का इंतजार अब बहुत लंबा हो चुका है। जनता अब केवल घोषणाएं और आश्वासन नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई और धरातल पर परिणाम चाहती है। पत्र देने वालों में समाजसेवी नीरज मेहरा,नारायण सिंह महरा, भीम सिंह ,प्रेम सिंह, सरपंच पूरन सिंह, ग्राम प्रधान होशियार सिंह, दीपक सिंह , क्षेत्र पंचायत सदस्य जगदीश गंगोला, भूपाल गंगोला,भगवान सिंह , सूबेदार दिलीप सिंह शामिल हैं ।40 वर्षों से 3 किमी सड़क का इंतजार कर रहें हैं जीबल गांव के ग्रामीण ।

