FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

ढोल नगाड़ों के साथ डीएम दफ्तर पहुंचे ग्रामीण, आमरण अनशन पर बैठे।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। जारा जिलबी क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्थानीय हाईस्कूल को इण्टरमीडिएट में उच्चीकरण (अपग्रेड) करने की मांग को लेकर 110 किमी दूर जिला मुख्यालय पहुंचकर सरकार और शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। शासन द्वारा क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नारेबाजी की और अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू कर दिया है।

​110 किमी दूर पहुंचकर बोला हल्ला। 

​सोमवार को जारा जिलबी के 100 से अधिक ग्रामीण क्षेत्र पंचायत सदस्य रमेश सिंह धामी के नेतृत्व में 110 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय पहुंचे। ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धरना स्थल पर अनशन शुरू कर दिया।

​नेताओं ने साधा सरकार पर निशाना। 

​प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे रमेश धामी ने कहा कि क्षेत्र के नौनिहालों (बच्चों) के भविष्य की अनदेखी प्रदेश सरकार लगातार कर रही है। लंबे समय से स्थानीय लोग पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के उच्चीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं, लेकिन प्रदेश सरकार और शासन-प्रशासन केवल झूठे और लोक-लुभावन वादे देकर जनता को ठगने का काम कर रहे हैं।

​चार माह बाद भी नहीं हुई कार्रवाई। 

​ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी 6 अप्रैल को क्षेत्रवासियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था। उस समय प्रशासन ने तत्काल प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन चार माह बीत जाने के बाद भी 105 छात्र संख्या वाले इस विद्यालय का उच्चीकरण नहीं किया गया। इससे आक्रोशित होकर ग्रामीणों को पुनः आंदोलन की राह पकड़नी पड़ी।

Share This News