FEATUREDGeneralLatestNewsppउत्तर प्रदेश

सीमावर्ती गांवों के अनुभवों से युवाओं को मिली राष्ट्र निर्माण की नई प्रेरणा।

संत कबीर नगर (नवनीत मिश्र)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत प्लेटफॉर्म के तहत आयोजित ‘विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम–2026’ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशभर के युवा प्रतिभागियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया। इस अवसर पर देश के लगभग 250 केंद्रों पर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। संत कबीर नगर में भी युवा स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

माय भारत पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में तीन लाख से अधिक युवाओं ने हिस्सा लिया था। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के लिए किया गया। इसके तहत 400 से अधिक प्रतिभागियों ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों का भ्रमण कर स्थानीय समुदायों के साथ रहकर सामाजिक, सांस्कृतिक और विकासात्मक गतिविधियों में भागीदारी की।

युवाओं ने सीमावर्ती गांवों में स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को करीब से जाना। उन्होंने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता, युवा संवाद तथा स्थानीय कारीगरों और ग्रामीणों के साथ संवाद जैसे कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अनुभव ने युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सीमावर्ती गांवों के महत्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति नई सोच विकसित की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संवाद के दौरान सीमावर्ती गांवों को “देश के प्रथम गांव” बताते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों में भी यूपीआई, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।

संत कबीर नगर के प्रतिभागी देव प्रकाश, जिन्होंने सीमावर्ती गांवों का भ्रमण किया था, वर्तमान में पुणे से वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री के संवाद में शामिल हुए। जिले में आयोजित कार्यक्रम में गौरी पांडेय, राधा शुक्ला, अजय कुमार, रविशंकर, राज प्रसून, विनोद सोनी सहित 22 युवा स्वयंसेवकों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने युवाओं को माय भारत के माध्यम से उपलब्ध राष्ट्र सेवा के अवसरों की जानकारी देते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी, असिस्टेंट प्रोग्राम असिस्टेंट (एपीए) तथा कार्यक्रम के सफल लाइव प्रसारण के लिए एनआईसी के एडीआईओ बृजेंद्र यादव और एनएफई विपिन जायसवाल ने तकनीकी सहयोग प्रदान किया।

Share This News