राजकीय पॉलिटेक्निक देवीनगर में शिक्षकों की भारी कमी, हफ्ते में सिर्फ तीन दिन चल रहीं कक्षाएं; विधायक ने दिया जल्द नियुक्ति का आश्वासन।

बेरीनाग संवाददाता। 

​ बेरीनाग देवीनगर/गंगोलीहाट: राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज देवीनगर में शिक्षकों के अभाव के चलते छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटकता नजर आ रहा है। पर्याप्त शिक्षक न होने से संस्थान में शैक्षणिक व्यवस्था चरमरा गई है और विद्यार्थियों को नियमित कक्षाएं नहीं मिल पा रही हैं।

​हालात इस कदर खराब हैं कि कंप्यूटर साइंस विभाग के द्वितीय और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए केवल एक ही शिक्षक मौजूद है। इस कारण छात्र-छात्राओं को सप्ताह में मात्र तीन दिन ही कॉलेज बुलाया जा रहा है, जिससे पाठ्यक्रम समय पर पूरा होना मुश्किल लग रहा है।

​संस्थान के छात्र निखिल पंत ने इस गंभीर समस्या से गंगोलीहाट के विधायक फकीर राम टम्टा को दूरभाष के जरिए अवगत कराया। निखिल ने विधायक को बताया कि शिक्षकों की कमी से छात्रों की पढ़ाई बेहद प्रभावित हो रही है और उनका कीमती समय बर्बाद हो रहा है।

​मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक फकीर राम टम्टा ने छात्रों को आश्वस्त किया कि कॉलेज में शिक्षकों की कमी को शीघ्र दूर किया जाएगा और इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द नई नियुक्तियां कराई जाएंगी। छात्र समुदाय ने उम्मीद जताई है कि शासन स्तर से जल्द कदम उठाकर उनकी नियमित पढ़ाई सुचारू की जाएगी।

Share This News