व्यापार संघ बेरीनाग के रक्तदान शिविर में उमड़ा उत्साह, 30 लोगों ने किया महादान।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग: स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को व्यापार संघ बेरीनाग द्वारा ‘तृतीय रक्तदान शिविर’ का भव्य आयोजन किया गया। यह शिविर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग, जिला अस्पताल पिथौरागढ़, रेड क्रॉस सोसाइटी पिथौरागढ़ एवं महाकाली केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन बेरीनाग–गंगोलीहाट के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।
विशिष्ट अतिथियों द्वारा शुभारंभ
शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि गणेश रावत , जिला प्रचारक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, डॉ. देवेश टम्टा प्रभारी, सीएचसी बेरीनाग, महेश पंत चेयरमैन, रेड क्रॉस सोसाइटी पिथौरागढ़, डॉ. शैलेंद्र महादेव अल्ट्रासाउंड, कमलेश पंत जिला उपाध्यक्ष, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल पिथौरागढ़ एवं जीवन चंद्र पंत सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने संयुक्त रूप से किया।
उत्साह और सहभागिता
शिविर में क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों के साथ-साथ युवा शक्ति और मातृ शक्ति ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रक्तदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा गया और कुल 30 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में अपना अतुलनीय योगदान दिया।
व्यापार संघ का आभार
व्यापार संघ के अध्यक्ष राजेश रावत ने बताया कि स्थानीय लोगों ने इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकीय टीम, स्वयंसेवकों एवं क्षेत्रवासियों का दिल से आभार व्यक्त किया।
व्यापार संघ बेरीनाग द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लगातार तीसरे वर्ष इस शिविर का सफल आयोजन किया गया है। संघ ने संकल्प दोहराया कि “मानव सेवा ही सच्ची देश सेवा है” और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक व मानवीय कार्य निरंतर जारी रहेंगे।

