उत्तराखंड: क्षेत्र पंचायत निधि फिर होगी शुरू, जनप्रतिनिधियों के मानदेय और भत्तों में होगी बढ़ोतरी।

देहरादून संवाददाता।
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र पंचायतों को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बड़ी घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित ‘उत्तराखंड प्रमुख संगठन सम्मेलन’ के दौरान उन्होंने क्षेत्र पंचायत निधि को पुनः शुरू करने और क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय व भत्तों में बढ़ोतरी करने का ऐलान किया।
सम्मेलन के दौरान की गई प्रमुख घोषणाएं एवं मुख्य बिंदु:
क्षेत्र पंचायत निधि की बहाली: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूर्व में बंद की गई क्षेत्र पंचायत निधि को दोबारा शुरू किया जाएगा। वर्ष 2014 तक इसके तहत प्रतिवर्ष 30 लाख रुपये मिलते थे, जिसे 2015 में बंद कर दिया गया था।
- मानदेय एवं भत्तों में वृद्धि: क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधियों के मानदेय और भत्तों में बढ़ोतरी की जाएगी, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों को मजबूती मिलेगी।
- विकास योजनाओं में भागीदारी: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की विकासखंड स्तरीय समिति में अब क्षेत्र पंचायत प्रमुख को शामिल किया जाएगा।
- नगरीय विस्तार से पहले परामर्श: ग्रामीण क्षेत्रों को नगरीय क्षेत्रों में शामिल करने की प्रक्रिया के दौरान संबंधित ग्राम पंचायतों से भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
- रिवर्स पलायन में 44% की वृद्धि: मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य में बुनियादी सुविधाओं, डिजिटल कनेक्टिविटी, होमस्टे, ग्रामीण पर्यटन और स्वरोजगार के विस्तार के चलते प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
- राजस्व हिस्सेदारी में इजाफा: छठे राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार स्थानीय निकायों की राज्य के कर राजस्व में हिस्सेदारी को 10.5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12.5 प्रतिशत करने का प्रस्ताव है। इसके लिए अनुपूरक बजट में 721 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और पंचायत प्रतिनिधि सरकार व जनता के बीच सेतु का कार्य करते हैं। जनहित के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए पंचायत भवनों से वंचित ग्राम पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से भवन निर्माण के प्रयास भी जारी हैं।

