राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस रजत जयंती समारोह मनाया गया।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग। महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में उत्तराखंड राज्य स्थापना के पचीस वर्ष पूर्ण होने रजत जयंती समारोह का हर्षोल्लास पूर्वक आयोजन हुआ। इस अवसर पर सर्वप्रथम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने महाविद्यालय में अवस्थित शौर्य दीवार पर वीर अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उनके वीरता एवं पराक्रम को याद किया। कार्यक्रम में समस्त कार्मिकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्र गान प्रस्तुत किया। इसके उपरांत राजनीति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर तथा योग प्रशिक्षक हिमांशु आगरी ने उत्तराखंड राज्य की उपलब्धियों एवं चुनौतियों के बारे में विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के इसी क्रम में महाविद्यालय के विद्यार्थी धीरज सिंह बोरा एवं नेहा बोहरा ने उत्तराखंड की संस्कृति एवं लोकाचार पर अपने विचार प्रस्तुत किये। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कुमांयूनी, गढ़वाली एकल गीत तथा समूह नृत्य के माध्यम से उत्तराखंड की संस्कृति को परिलक्षित किया। ज्ञातव्य है कि महाविद्यालय में उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को आज उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर पाण्डेय ने उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी एवं उत्तराखंड को समृद्धशाली बनाने में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में रजत जयंती समारोह के संयोजक डॉ. जे.एन. पंत ने कार्यक्रम के अध्यक्ष समेत समस्त प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रीय गीत “वन्दे मातरम” के गायन के उपरांत कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। कार्यक्रम में समस्त प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

