berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन व्याख्यानमाला कार्यक्रम का आयोजन।

बेरीनाग संवाददाता। 

बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय  में प्राचार्य प्रोफेसर बी. एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन व्याख्यानमाला कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

व्याख्यानमाला में मुख्य वक्ता राजकीय महाविद्यालय सतपुली के प्राचार्य प्रोफेसर संजय कुमार रहे। मुख्य वक्ता ने शिक्षा एवं शिक्षक की भूमिका के बारे में अपने सारगर्भित व्याख्यान से समस्त प्रतिभागियों का ज्ञानवर्धन किया। उन्होंने अपने व्याख्यान में बताया कि ज्ञान केवल सूचनाओं का एकत्रीकरण नहीं है बल्कि इसका सरोकार सामाजिक तथा नैतिक मूल्यों से भी है। प्रोफेसर कुमार ने शिक्षा के दर्शन शास्त्र, शिक्षा के अर्थशास्त्र, ज्ञान के सृजन, उत्पादन, उपयोग और ज्ञान के संचरण जैसे महत्वपूर्ण विंदुओं पर प्रकाश डालते हुए गुरु और शिष्य परंपरा को अति प्रासंगिक बताया। उन्होंने शिक्षा में तकनीकी के ससक्त माध्यम जैसे कृतिम बुद्धिमत्ता आदि के उपयोग में सावधानी बरतने की बात कही। व्याख्यान माला कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में राजकीय महाविद्यालय किच्छा के प्राचार्य प्रोफेसर राजीव रतन तथा राजकीय महाविद्यालय मालधनचौड़ के हिंदी विभाग के प्रोफेसर गिरीशचन्द्र पंत ने भी प्रतिभागियों के समक्ष अपने विचार साझा किये। विशिष्ट अतिथि राजकीय महाविद्यालय जैती के प्राचार्य प्रोफेसर संतोष कुमार ने अपनी आभासी गरिमामयी उपस्थिति से प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इसके उपरांत महाविद्यालय में रसायन विज्ञान के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. महेश विश्वकर्मा को उत्कृष्ट कार्य के लिये सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। इसी क्रम में महाविद्यालय के शिक्षणेत्तर कर्मचारी  विवेक कुमार को भी उत्कृष्ट कार्य हेतु पुरस्कृत किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में बताया कि व्याख्यानमाला का आयोजन विद्यार्थियों के सृजनात्मक क्षमता में अभिवृद्धि के साथ उनके बौद्धिक विकास में सहायक होता है। उन्होंने व्याख्यानमाला कार्यक्रम को महाविद्यालय में प्रत्येक महीने आयोजित करने की बात कही।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. लीलाधर मिश्र ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share This News