उइके के बाद कांग्रेस को फिर लग सकता है झटका, बस्तर का एक कांग्रेस विधायक थाम सकता है BJP का हाथ
न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारतीः-
रायपुर:- कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामदयाल उइके के बाद बस्तर के एक कांग्रेस विधायक के भी भाजपा का हाथ थामने की चर्चा तेज है। इस विधायक ने एक पूर्व मंत्री को हराकर अपनी सीट कांग्रेस की झोली में डाली थी। लेकिन पार्टी में लगातार हो रही उपेक्षा से नाराज होकर विधायक अब भाजपा के साथ हाथ मिलाने की तैयारी में है। इतना भी तय हो चुका है कि उक्त विधायक नई पार्टी ज्वाईन कर विधानसभा चुनाव ना लड़कर लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमाएंगे।
भाजपा के विश्वस्त सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार कांग्रेस विधायक कुछ अनिवार्य शर्तो के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का मन बना चुके है और संभावना है कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषणा के पूर्व वो इस पर निर्णय लेकर भाजपा का दामन थाम ले।
विधायक ने भाजपा से वादा किया है कि वे इस चुनाव में पूर्व वन मंत्री और वर्तमान लोकसभा सांसद विक्रम उसेंडी को जितवाने में मदद करेंगे। फिर खुद कांकेर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। फ़िलवक्त तो भाजपा नेताओं ने कांग्रेस विधायक को मना लिया है। लेकिन इसकी घोषणा कब होती है, ये भाजपा पर भी निर्भर करेगा।
हम आपको बता दें कि भाजपा बस्तर के दो कांग्रेस विधायकों को पार्टी में लाने की कोशिश कर रही थी। एक में उन्हें सफलता मिलती नजर आ रही है। बहरहाल सियासी शतरंज की बिसात बिछ चुकी है। राजनीतिक दलों की हार और जीत का फैसला मोहरों की चाल पर निर्भर करेगा।

