तेल संकट पर प्रधानमंत्री मोदी 40 तेल कंपनियों के सीईओ से करेंगे मंथन
न्यूज होम लाइव व्यूरो
नई दिल्ली:- सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश मेंं लगातार बढ़ रही पेट्रोल और डीजल की कीमतों को लेकर 40 तेल और गैस कंपनियों के सीईओ से मुलाकात करेंगे। ये जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय के जानकार सूत्रों ने दी। उन्होंने बताया कि इस बैठक में दुनिया की तमाम कंपनियों के चीफ एग्जिक्यूटिव आॅफिसर्स होंगे। बैठक में ईरान पर अमेरिकी प्रतिबंधों और कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से पड़ने वाले असर पर चर्चा होगी। बैठक का संयोजन नीति आयोग द्वारा किया जा रहा है।
*क्यों पड़ी इसकी जरूरत*
ऐसा माना जा रहा है कि इस बैठक में कच्चे तेल की कीमतों के उतार-चढ़ाव और अमेरिका के ईरान पर प्रतिबंध की चुनौतियों पर विचार- विमर्श होगा। तो वहीं सूत्रों का मानना है कि तीसरी सालाना बैठक में तेल, गैस खोज और उत्पादन क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने पर भी चर्चा होगी। बैठक में पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) के महासचिव मोहम्मद बारकिंदो और पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल होंगे।
*आज फिर बढ़े दाम*
प्रधानमंत्री की इस बैठक से पहले ही सोमवार को फिर डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई, हालांकि, सोमवार को पेट्रोल के दाम में कोई बदलाव नहीं आया है। दिल्ली में आज पेट्रोल 82.72 और डीजल की कीमत 75.46 रुपए प्रति लीटर है। 5 अक्टूबर को केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के दाम में 2.5 रुपये की कटौती की थी, इसके अलावा कई राज्य सरकारों ने भी ऐसा ही किया था। तब से अब तक लगातार जिस तरह पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं उससे वह कटौती लगभग पूरी ही हो गई है।
इनके अलावा बैठक में ओएनजीसी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शशि शंकर, आईओसी के चेयरमैन संजीव सिंह, गेल इंडिया के प्रमुख बीसी त्रिपाठी, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉपोर्रेशन के चेयरमैन मुकेश कुमार शरण, आॅइल इंडिया के चेयरमैन उत्पल बोरा और भारत पेट्रोलियम कॉपोर्रेशन के चेयरमैन डी राजकुमार भी भाग लेंगे। सूत्रों ने बताया कि सऊदी अरब के पेट्रोलियम मंत्री खालिद ए अल फलीह, बीपी के सीईओ बॉब डुडले, टोटल के प्रमुख पैट्रिक फॉयेन, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और वेदांता के प्रमुख अनिल अग्रवाल के सोमवार की बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।
*पहले भी हो चुकी हैं ये बैठकें*
मोदी की इस बारे में पहली बैठक 5 जनवरी, 2016 को हुई थी, जिसमें प्राकृतिक गैस कीमतों में सुधार के सुझाव दिए गए थे। इसके एक साल से कुछ अधिक समय बाद सरकार ने गहरे समुद्र जैसे कठिन क्षेत्रों जहां अभी उत्पादन शुरू नहीं हुआ है, के लिए प्राकृतिक गैस के लिए ऊंचे मूल्य की अनुमति दी गई थी। अक्टूबर, 2017 में इसके पिछले संस्करण में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों ओएनजीसी और आॅइल इंडिया के उत्पादक तेल और गैस क्षेत्रों में विदेशी और निजी कंपनियों को इक्विटी देने का सुझाव दिया गया था, लेकिन ओएनजीसी के कड़े विरोध के बाद इस योजना को आगे नहीं बढ़ाया जा सका। देखना ये होगा कि इस बैठक के बाद देश की जनता को कितनी राहत मिलती है।

