थल: खस्ताहाल 108 एम्बुलेंस से मरीजों की जान जोखिम में, घिसे टायर और हांफते इंजन के सहारे आपातकालीन सेवा।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
थल (पिथौरागढ़): सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के थल क्षेत्र में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ मानी जाने वाली ‘108’ एम्बुलेंस खुद ‘बीमार’ नजर आ रही है। जीवनदायिनी सेवा की इस लचर हालत ने आपात स्थिति में मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्र में संचालित 108 एम्बुलेंस के टायर पूरी तरह घिसकर गंजे हो चुके हैं, जिससे पहाड़ी घुमावदार रास्तों पर वाहन के फिसलने और बड़े हादसे का अंदेशा बना रहता है। इतना ही नहीं, अत्यधिक आवाज करता वाहन का इंजन भी चढ़ाई वाले रास्तों पर हांफ रहा है। ऐसी दशा में दुर्घटना, गंभीर बीमारी और प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिलाओं को समय पर उच्च स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाना बड़ी चुनौती बन गया है।
- नियमित मेंटेनेंस का अभाव, स्थानीय जनता में रोष
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पर्वतीय और संवेदनशील भौगोलिक परिस्थितियों में आपातकालीन वाहनों का हर समय दुरुस्त रहना अनिवार्य है। नियमित रखरखाव और समय पर तकनीकी निरीक्षण न होने के कारण यह वाहन किसी भी समय रास्ते में धोखा दे सकता है, जिससे किसी गंभीर मरीज की जान पर बन सकती है।
- अधिकारियों से तत्काल सुध लेने की मांग
क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग और 108 आपातकालीन सेवा प्रबंधन से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि एम्बुलेंस के घिसे हुए टायरों को तुरंत बदला जाए और इंजन की तकनीकी खामियों को दूर किया जाए, ताकि थल व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित, सुचारू और भरोसेमंद आपातकालीन सेवा मिल सके।

