FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़ में दुकान और ढाबे की आड़ में शराब का अवैध धंधा: पुलिस ने दो संचालकों को किया गिरफ्तार।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। जनपद पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। कनालीछीना और जाजरदेवल थाना पुलिस ने दुकानों व ढाबों की आड़ में अवैध शराब बेचने और पिलाने वाले दो आरोपियों को धर दबोचा। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

​पुलिस मीडिया सैल से मिली जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष कनालीछीना प्रवीण सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 17 अक्टूबर को कस्बा कनालीछीना बाजार में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक दुकान से 4 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान संचालक खुशाल सिंह (निवासी ग्राम बलियाली चौरा, पिथौरागढ़) को गिरफ्तार कर लिया।

​वहीं दूसरी ओर, थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक आनंद गिरी मय पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। टीम ने नागनाथ मंदिर के समीप स्थित एक ढाबे में दबिश दी, जहाँ अवैध रूप से शराब पिलाई और बेची जा रही थी। पुलिस ने मौके से ढाबा संचालक संतोष शर्मा (निवासी पण्डा) को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

​पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This News