लोक संस्कृति के रंगों में सराबोर हुआ डीडीहाट, विधायक मयूख महर ने किया पांच दिवसीय महोत्सव का आगाज।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
डीडीहाट। सीमांत क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद डीडीहाट की ओर से आयोजित पांच दिवसीय महोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। जीआईसी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर ने बतौर मुख्य अतिथि फीता काटकर महोत्सव का उद्घाटन किया और सफल आयोजन के लिए नगर पालिका व क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं।

झांकियों से गूंजा नगर, बच्चों ने कबाड़ से रचा कमाल
महोत्सव के पहले दिन का आकर्षण चिल्ड्रेन पार्क से जीआईसी मैदान तक निकाली गई भव्य सांस्कृतिक झांकी रही। इसमें मलयनाथ पब्लिक स्कूल, अभिलाषा एकेडमी और जोहार जनजाति संगठन के कलाकारों व विद्यार्थियों ने पारंपरिक वेशभूषा में पहाड़ की लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की। इसी क्रम में आयोजित ‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता में नगर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बेकार (कबाड़) सामग्री से उपयोगी और आकर्षक मॉडल तैयार कर अपनी रचनात्मकता का लोहा मनवाया।
सुरों की महफिल ने बांधा समां
संध्याकालीन सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की छटा बिखरी। शिखर इंटर कॉलेज, वेदा पब्लिक स्कूल, सीरा पब्लिक स्कूल, पॉलिटेक्निक कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और जोहार जनजाति संगठन के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक लोकनृत्य व गीतों की प्रस्तुति दी। रात्रिकालीन सांस्कृतिक संध्या का उद्घाटन ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र धामी ‘गुड्डू’ ने किया। इसके बाद लोकगायक राकेश खनवाल और गायिका बेबी प्रियंका की सुरीली प्रस्तुतियों पर देर रात तक दर्शक झूमते रहे।
स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देना मुख्य लक्ष्य: चुफाल
नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चुफाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन का मुख्य ध्येय स्थानीय कलाकारों और युवाओं की छिपी प्रतिभा को निखारना है। इस अवसर पर मेला अधिकारी सूरज प्रकाश, अपर सहायक अभियंता पंकज महरा, आनंद रावत, बसंत जोशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और दर्शक मौजूद रहे।

