FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandचमोलीथराली

साढ़े 16 हजार फीट पर रहस्यमई रूपकुंड और बिखरे नरकंकालों को देख अचंभित हुए श्रद्धालु।

मौसम के खुले मिजाज से निखरी नंदा देवी बड़ी जात यात्रा:-

​हरेंद्र बिष्ट | थराली/देवाल (चमोली) उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कई वर्षों बाद मौसम के अचानक मेहरबान होने से श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। समुद्र तल से लगभग साढ़े 16 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित दुनिया के सबसे रहस्यमई स्थानों में शुमार रूपकुंड पहुँचे यात्री वहां के अद्वितीय प्राकृतिक सौंदर्य और कुंड के चारों ओर बिखरे सैकड़ों साल पुराने नरकंकालों को देखकर स्तब्ध रह गए।

  • ​साफ आसमान ने दोगुना किया यात्रा का आनंद

​सामान्यतः अगस्त के दूसरे पखवाड़े से सितंबर के शुरुआती हफ्तों तक चलने वाली नंदा देवी राजजात, छोटी जात या लोकजात यात्रा के दौरान मौसम अत्यधिक खराब और धुंधला रहता है। इसके कारण श्रद्धालुओं को अक्सर प्राकृतिक सौंदर्य का दीदार किए बिना ही मायूस होकर लौटना पड़ता था।

​लेकिन इस बार, 5 सितंबर को सिद्धपीठ कुरूड़ से शुरू हुई श्री नंदादेवी बड़ी जात यात्रा जब सितंबर के दूसरे पखवाड़े में उच्च हिमालयी क्षेत्र पहुँची, तो मौसम पूरी तरह साफ मिला।

  • ​वेदनी बुग्याल में अद्भुत रात: 17 सितंबर को जब यात्रा 11,200 फीट की ऊंचाई पर स्थित एशिया के सबसे सुंदर वेदनी बुग्याल पहुँची, तो साफ नीले आसमान और चांदनी रात के नजारे ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। यात्री भूपेंद्र बिष्ट ‘भुप्पी’ और डॉ. कृपाल भंडारी ने बताया कि तारों से जगमगाता आसमान अपने आप में एक अलौकिक अनुभव था।
  • ​कैमरों में कैद हुए अनमोल पल: 18 सितंबर की सुबह से ही मौसम खुशनुमा बना रहा, जिसका फायदा उठाकर यात्रियों ने घंटों इस अनमोल प्राकृतिक खजाने को अपने कैमरों और यादों में कैद किया।

​पातरनचौनिया से शीला समुद्र की ओर बढ़ा कारवां

​इसी बीच बधाण की नंदादेवी की डोली भी लोकजात यात्रा के लिए वेदनी पहुँची और पूजा-अर्चना के बाद वापस लौट गई। वहीं, बड़ी जात यात्रा आगे बढ़ते हुए 12,500 फीट पर स्थित पातरनचौनिया, 14,500 फीट पर स्थित केलवाविनायक और बगुवावासा के दुर्गम पड़ावों को पार कर गई।

​शनिवार को यात्रा अपने 15वें पड़ाव (दूसरे निर्जन पड़ाव) पातरनचौनिया को छोड़ कर 16वें पड़ेव शीला समुद्र की ओर रवाना हुई।

​रूपकुंड में महसूस हुई माँ नंदा की विशेष कृपा। 

​मार्ग में जब श्रद्धालु साढ़े 16 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित रूपकुंड पहुँचे, तो वहां का अलौकिक दृश्य देखकर सबकी थकान मिट गई। कुंड और आसपास फैले ऐतिहासिक नरकंकालों को देख श्रद्धालु दंग रह गए और जमकर फोटोग्राफी की।

​सभी यात्रियों ने एक स्वर में कहा कि माँ नंदा की असीम कृपा से ही उन्हें इतने खूबसूरत और साफ मौसम में उच्च हिमालयी क्षेत्र के इस अलौकिक सौंदर्य को इतने करीब से देखने का अवसर प्राप्त हुआ है। अब यह ऐतिहासिक यात्रा अपने अंतिम चरण होमकुंड के समीप पहुँचने वाली है।

Share This News