अल्मोड़ा: एल.आर. शाह रोड पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर SSP को सौंपा पत्र, यातायात नियंत्रण की मांग।

अल्मोड़ा संवाददाता।
अल्मोड़ा। नगर के व्यस्त एल.आर. शाह रोड पर स्कूल समय में बेलगाम ट्रैफिक और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण स्कूली बच्चों व आम राहगीरों को हो रही परेशानियों को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता व आरटीआई एक्टिविस्ट संजय कुमार पांडे ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपा है।


संजय पांडे ने ज्ञापन में बताया कि एल.आर. शाह रोड पर एन.टी.डी. से शिखर तिराहे की ओर स्कूल खुलने और छुट्टी होने के समय चारपहिया और दुपहिया वाहनों की आवाजाही तथा अवैध पार्किंग के कारण मार्ग संकरा हो जाता है। इससे पैदल चलने वाले छोटे बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों की सुरक्षा पर हर समय खतरा बना रहता है। पूर्व में इस मार्ग पर स्कूल समय में चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक की जो व्यवस्था थी, उसे फिर से सख्ती से लागू करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में की गईं मुख्य मांगे:
- स्कूली समय में प्रतिबंध: स्कूल खुलने और बंद होने के समय एन.टी.डी. से शिखर तिराहे की ओर चौपहिया (स्कूली वाहनों सहित) वाहनों के आवागमन को प्रतिबंधित या नियंत्रित किया जाए।
- पुराने रूट का पालन: चारपहिया स्कूली वाहनों को पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही संचालित करने के निर्देश दिए जाएं।
- अवैध पार्किंग पर सख्ती: मार्ग पर अव्यवस्थित पार्किंग और दुपहिया/चौपहिया वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश को रोकने के लिए पुलिस कर्मियों और गार्डों की तैनाती की जाए।
- मुख्य बिंदुओं पर तैनाती: रानीधारा की ओर से आने वाले वाहनों को रोकने के लिए साईं मंदिर और विशाल मेगा मार्ट के पास सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं।
- आपातकालीन सेवाओं को छूट: एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए मार्ग हमेशा तत्काल उपलब्ध रहे, यह सुनिश्चित किया जाए।
- मुख्य बाजार में नियंत्रण: मुख्य बाजार क्षेत्र में अनावश्यक और तेज गति से चलने वाले दुपहिया वाहनों पर रोक लगाई जाए।
सामाजिक कार्यकर्ता ने इस संबंध में कुमाऊं मंडल आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से भी ध्यान आकर्षित कराया है। उन्होंने बच्चों और नागरिकों की सुरक्षा के हित में जल्द से जल्द समयबद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

