इच्छोली और आला गांव पहुंचीं नंदा देवी की देव डोलियां, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब।

थराली संवाददाता हरेंद्र बिष्ट।
थराली/देवाल/रामणी। बधाण परगना की श्री नंदा देवी लोकजात यात्रा और दशोली-बण्ड़ परगना की नंदा देवी बड़ीजात यात्रा अपने-अपने तय पड़ावों की ओर आगे बढ़ रही हैं। रविवार को दोनों ही यात्राओं के 9वें पड़ाव पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया।
इच्छोली पहुंचीं बधाण की नंदा देवी
रविवार को बधाण की श्री नंदा देवी लोकजात यात्रा प्रातः धरातल्ला गांव से धरामल्ला पहुंची, जहां दोपहर के भोजन के साथ विशेष पूजा-अर्चना की गई। तल्ला धार में सोलपाती आयोजन के बाद यात्रा पूर्णा गांव होते हुए देवाल बाजार पहुंची। मुख्य स्टेशन पर देव डोली पर भक्तों ने पुष्प वर्षा कर जौ और अक्षत चढ़ाए।
देर शाम यात्रा अपने 9वें पड़ाव इच्छोली पहुंची।
व्यवस्था व स्वागत: देवाल प्रमुख तेजपाल रावत, जेष्ठ प्रमुख दीपक गड़िया, व्यापार संघ अध्यक्ष चंद्र सिंह रावत, अनकपाल सिंह, रघुवीर बिष्ट, केडी मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
- अगला पड़ाव: सोमवार को यात्रा इच्छोली से कैल और हाट कल्याणी होते हुए 10वें पड़ाव फल्दियागांव पहुंचेगी।
रामणी में भावुक मिलन के बाद आला गांव पहुंचीं डोलियां
उधर, दशोली एवं बण्ड़ परगना की डोलियों और छंतोलियों का नंदानगर-घाट के रामणी गांव में शनिवार को भावपूर्ण मिलन हुआ। इस दौरान देवी के पश्वा और श्रद्धालुओं पर देवी अवतरित हुईं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। पूजा के बाद रविवार को डोलियां कासमातोली, घूनी, पड़ेरगांव और बूरा होते हुए अपने 9वें पड़ाव आला गांव पहुंचीं, जहां रातभर देव पूजन चला।
- व्यवस्था व पूजा: मंदिर समिति कुरूड़ के अध्यक्ष सुखबीर रौतेला, कर्नल हरेंद्र सिंह रावत, हीरा सिंह बिष्ट, सजेंद्र कठैत और पुजारी मुंशी चंद्र गौड़, दिनेश गौड़ आदि यात्रा की व्यवस्थाओं और पूजा-अर्चना में जुटे हैं।
अगला पड़ाव: सोमवार को यात्रा आला, जोखिमना और सितेल होते हुए 10वें पड़ाव कनोल गांव पहुंचेगी।

