सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी बुग्यालों में पर्यटकों के रात्रि प्रवास पर रोक बरकरार, इंडिया हैक्स का परमिट निरस्त होने से स्थानीय ग्रामीणों में निराशा।
विशेष रिपोर्ट: हरेंद्र बिष्ट
थराली/देवाल। रूपकुंड घाटी के ग्रामीणों में रोजगार को लेकर एक बार फिर से मायूसी छाने लगी है। इसका मुख्य कारण वन संरक्षक गढ़वाल वृत्त उत्तराखंड पौड़ी एवं प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) बद्रीनाथ वन प्रभाग गोपेश्वर की ओर से जारी हालिया पत्र हैं। इन पत्रों में स्पष्ट किया गया है कि रूपकुंड ट्रेक केवल श्री नंदा देवी राजजात यात्रा के श्रद्धालुओं के रात्रि प्रवास के लिए खोला गया है, जबकि बुग्यालों में टेंट लगाकर आम पर्यटकों के ठहरने पर रोक अब भी पूरी तरह से लागू है।
- हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का घटनाक्रम
वर्ष 2014 में दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए नैनीताल हाईकोर्ट ने 21 अगस्त 2018 को बुग्यालों में पर्यटकों के रात्रि प्रवास पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया था। इस फैसले के खिलाफ राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट, नई दिल्ली में याचिका दायर की थी। इस पर इसी वर्ष 20 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के कई निर्देशों को हटा दिया था।
इसके बाद 27 जुलाई 2026 को तत्कालीन डीएफओ बद्रीनाथ सर्वेश कुमार दुबे ने वन क्षेत्राधिकारी देवाल को सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी आदेश के आधार पर 11 सितंबर 2026 को वन क्षेत्राधिकारी पूर्व पिंडर रेंज देवाल ने ट्रैकिंग एजेंसी ‘इंडिया हैक्स’ को 19 साहसिक पर्यटकों के दल के लिए रूपकुंड यात्रा का परमिट जारी कर दिया।
- वीडियो वायरल होते ही हरकत में आया वन विभाग
देवाल ब्लॉक के अंतिम सीमांत गांव वांण से जब 19 सदस्यीय पर्यटक दल रूपकुंड के लिए रवाना हुआ, तो लंबे समय बाद पर्यटन शुरू होने से उत्साहित ग्रामीणों ने पर्यटकों का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
फेसबुक पर यह वीडियो सामने आने के तुरंत बाद, 12 सितंबर को वन संरक्षक गढ़वाल वृत्त आकाश कुमार वर्मा ने डीएफओ बद्रीनाथ को एक कड़ा पत्र भेजकर नियम विरुद्ध कार्रवाई पर सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
- डीएफओ की सख्ती: परमिट तत्काल प्रभाव से निरस्त
वन संरक्षक के निर्देश पर डीएफओ बद्रीनाथ (प्रणाली स्वेश उमरे) ने वन क्षेत्राधिकारी देवाल को नया पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट की। पत्र में कहा गया कि बुग्यालों में टेंट लगाकर पर्यटकों के रात्रि विश्राम पर नैनीताल हाईकोर्ट की रोक यथावत है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 जुलाई 2026 के अपने आदेश में केवल नंदा राजजात यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को ही छूट दी है, आम पर्यटकों को नहीं।
डीएफओ ने कार्रवाई करते हुए 11 सितंबर 2026 को परमिट बुक संख्या 77 के परमिट नंबर 2 और 3 के तहत ‘इंडिया हैक्स’ को जारी 19 पर्यटकों का परमिट तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। साथ ही, बिना डीएफओ की पूर्व सहमति के रूपकुंड ट्रेक का कोई भी परमिट जारी न करने के सख्त निर्देश दिए हैं। परमिट निरस्त होने के बाद अब बुग्यालों की ओर बढ़ चुके पर्यटक दल को वापस बुलाए जाने की संभावना है।
- स्थानीय रोजगार पर फिर मंडराए संकट के बादल
वन विभाग के इन सख्त रुख से जहां एक ओर साहसिक पर्यटन के शौकीन पर्यटकों के सपने टूटे हैं, वहीं वांण, कुलिंग, दिदिना और लोहाजंग जैसे सीमांत गांवों के ग्रामीण भी गहरे संकट में आ गए हैं। ये गांव सीधे तौर पर रूपकुंड और होमकुंड ट्रेक से जुड़े हुए हैं और इनकी आजीविका मुख्य रूप से ट्रेकिंग गतिविधियों पर निर्भर है। पर्यटन फिर से शुरू होने की उम्मीदों को पंख लगने से पहले ही झटका लगने से पूरे क्षेत्र के पोर्टर, गाइड और होमस्टे संचालकों में भारी निराशा व्यापत है।


