berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

गणेश चौक पुराथल मार्ग पर गुणवत्ता, नाली निर्माण और स्टॉप बोर्ड को लेकर हंगामा, सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी  ।

बेरीनाग संवाददाता। 

​बेरीनाग (पिथौरागढ़): बेरीनाग नगर के गणेश चौक से पुराथल जाने वाली सड़क पर डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार को बेरीनाग महाविद्यालय के छात्र संघ अध्यक्ष मनीष रौतेला छात्रों के साथ निर्माण स्थल पर पहुंचे और सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ठेकेदार को घेरा।

​इस दौरान सड़क के किनारे नाली निर्माण और कार्यस्थल पर स्टॉप बोर्ड नहीं लगाए जाने को लेकर भी तीखी बहस हुई। छात्र संघ अध्यक्ष मनीष रौतेला ने सड़क निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क का डामरीकरण निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने सड़क किनारे नाली निर्माण और निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठाए। कार्यस्थल पर स्टॉप बोर्ड नहीं होने को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।

​रौतेला ने चेतावनी दी कि यदि सड़क पर मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण नहीं किया गया तो छात्र संघ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने अविलंब निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग उठाई है।

​पीएमजीएसवाई के अधिकारी से नहीं हो पाया संपर्क

मामले में संबंधित विभाग का पक्ष जानने के लिए पीएमजीएसवाई के अधिकारी से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नंबर बंद होने के कारण संपर्क नहीं हो सका। ऐसे में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर विभाग का पक्ष नहीं मिल पाया है। अब सवाल यह उठता है कि संबंधित विभाग निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कर आरोपों की वास्तविकता सामने लाता है या नहीं। फिलहाल छात्र संघ ने स्पष्ट कर दिया है कि मांगों की अनदेखी होने पर उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा। 

Share This News