घाट-पनार मार्ग पर मसान बाबा मंदिर के पास भीषण हादसा, उफनती सरयू के किनारे जान पर खेलकर रेस्क्यू, एक की मौत, चार गंभीर।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़ क्षेत्र में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच घाट-पनार मार्ग पर मसान बाबा मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक गिरे विशाल बोल्डर की चपेट में आने से एक ऑल्टो कार (संख्या UK05TA2878) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी पीड़ित तहसील गंगोलीहाट के ग्राम टिम्टा (जिला पिथौरागढ़) के निवासी हैं।
हादसे में हताहतों का विवरण:
मृतक: संदीप कुमार (35), पुत्र भवानी राम (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत)।
गंभीर घायल: सुनील कुमार (23) पुत्र आनंद राम, राहुल कुमार पुत्र शंकर, मनोहर लाल पुत्र जोगाराम, और सुभाष राम पुत्र शिवराम।
उफनती सरयू किनारे जोखिम भरा रेस्क्यू
हादसा इतना भीषण था कि दो लोग कार के भीतर ही फंस गए, जबकि दो यात्री छिटककर उफनती सरयू नदी के किनारे जा गिरे। मूसलाधार बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू अभियान चलाया। स्थानीय होटल स्वामी पप्पू सामंत, श्याम सिंह सामंत, मदन सामंत और लाल सिंह सामंत ने नदी के किनारे उतरकर घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने में मुख्य भूमिका निभाई।
अस्पताल पहुंचे सीएमओ, दिए बेहतर इलाज के निर्देश
सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में मेडिकल टीमें मौके पर पहुंचीं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को लोहाघाट रेफर किया गया है, जबकि अन्य तीन घायलों को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे की जानकारी मिलते ही सीएमओ डॉ. जे.एस. चुफाल खुद जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल-चाल जानकर उन्हें ढांढस बंधाया और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं तत्काल ली जाएं।

