FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

चंडाक में चला वृहद स्वच्छता अभियान, डीएम ने दी सामूहिक जिम्मेदारी निभाने की सीख।

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़। ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत गुरुवार को चंडाक क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया और आम जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

​अभियान का नेतृत्व करते हुए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वातावरण तैयार करना केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग का काम नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छ भारत अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और कूड़े को खुले में न फेंककर निर्धारित स्थलों पर ही डालने की अपील की।

​डीएम ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचने और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझेगा, तभी एक स्वस्थ वातावरण का निर्माण संभव है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों को स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

​इस मौके पर पिथौरागढ़ की मेयर कल्पना देवलाल, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. दीपक सैनी सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Share This News