berinagLatestNewspithoragarhuttarakhand

जनसंवाद यात्रा : पांचवें दिन गंगोलीहाट और बेरीनाग में किया जनसंपर्क

.

स्थायी राजधानी गैरसैंण के लिए की एकजुट होने की अपील.

न्यूज होम लाइव व्यूरो

बेरीनाग । स्थायी राजधानी गैरसैंण समेत पहाड़ के तमाम सवालों को लेकर पंचेश्वर से उत्तरकाशी तक की ‘जन संवाद यात्रा’ के पांचवें चौथे दिन गंगोलीहाट, पाताल भुवनेश्वर और बेरीनाग में जनसंपर्क किया गया. स्थायी राजधानी गैरसैंण संघर्ष समिति के तत्वावधान में की जा रही यात्रा का सुबह गंगोलीहाट चौराहे पर स्वागत किया गया. जनसंपर्क के बाद पहले गंगोलीहाट और फिर बेरीनाग में सभा आयोजित हुई. वक्ताओं ने स्थायी राजधानी गैरसैंण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पलायन और नए जिलों के गठन समेत तमाम मुद्दों पर बात रखी. जनसभा को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक चारु तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड के मूल भूत सवालों को लेकर हुक्मरानों ने पिछले अट्ठारह वर्षों में उत्तराखंड की जनता को जिस तरह छला है उसको लेकर सवाल पूछने का वक्त आ गया है. उन्होंने कहा कि पहाड़ी प्रदेश की राजधानी गैरसैंण में हो यह राज्य आंदोलन के वक्त से ही हमारी मांग थी लेकिन भाजपा-कांग्रेस ने लगातार इस मांग को हाशिए पर धकेला. उन्होंने कहा कि गैरसैंण को राजधानी बनाने के लिए सभी को एकजुट होकर लड़ना होगा. प्रदीप सती ने कहा कि स्थाई राजधानी गैरसैंण के मुद्दे को केंद्र में रखते हुए पहाड़ के सभी सवालों को देखने की जरूरत है. मोहित डिमरी ने कहा कि आज हमारा प्रदेश जिन संकटों का सामना कर रहा है, उनके लिए सत्ता में बारी-बारी से रहीं भाजपा कांग्रेस जिम्मेदार हैं. उन्होंने कहा कि झूठे विकास के नाम पर पहाड़ के गाँवों और संस्कृति को ख़त्म किया जा रहा है जिसका हर हाल में विरोध जरूरी है. भाकपा माले नेता भगवती प्रसाद पंत ने पंचेश्वर बांध को विनाश का आमंत्रण बताते हुए कहा कि बड़े बाँधो के निर्माण से एक दिन पूरा पहाड़ तबाह हो जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार को बड़े बांधों की सनक छोड़ कर छोटी परियोजनाओं का निर्माण करना चाहिए, जिससे लोगों को विस्थापन का दंश भी नहीं झेलना पड़ेगा और पर्यावरण को भी कम नुकसान पहुंचेगा. पत्रकार रोहित जोशी ने कहा कि सरकार पहाड़ की ज़मीनों को उद्योगपतियों के हवाले करने की साज़िश कर रही है जिसका प्रतिकार करना होगा. उन्होंने कहा कि कृषि उत्तराखंड की रीढ़ रही है लेकिन इसे बड़ी साजिश के तहत खत्म किया जा रहा है ताकि पूंजीपतियों के लिए आसान रास्ता तैयार किया जा सके. सभा का संचालन सल्ट (अल्मोड़ा) के जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत ने किया. सभा में मुकुल, जगदीश, सोनी पटवाल, कमल मठपाल, मान सिंह, आदि भी मौजूद थे.

Share This News