FEATUREDGeneralHealthLatestNewspputtarakhandउत्तराखंडचमोलीराज्य

टनल से शव मिलने का सिलसिला जारी, अपनों के जिंदा लौटने की उम्मीदें हो रही धूमिल।

चमोली हादसा:-

टनल से शव मिलने का सिलसिला जारी, अपनों के जिंदा लौटने की उम्मीदें हो रही धूमिल

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-

 

चमोली ।प्राकृतिक आपदा की त्रासदी का शिकार बना उत्तराखंड का सीमांत जनपद चमोली शोक, सदमा, भय और उम्मीद के कश्मकश भरे अनुभव से गुजर रहा है। पिछले रविवार को हिमखंड टूटने से ऋषिगंगा नदी में आई बाढ़ से तपोवन और रैणी गाँव के आसपास हुई तबाही को एक सप्ताह पूरा हो गया है। एक ओर जहां इस तबाही में अपनों को खो चुके लोग ग़म और आंसुओं के समंदर में डूबे हुए हैं, वहीं बहुत से लोग आपदा में लापता हुए अपनों के लौट आने की उम्मीदों के साथ हर पल उनकी राह देख रहे हैं। लेकिन खोजबीन के दौरान मिल रही लाशों की बढ़ती संख्या के साथ ही उनकी उम्मीदों की लौ भी मंद पड़ने लगी है। गत रविवार 7 फरवरी को ग्लेशियर टूटने के बाद आए जलप्रलय में मरने वालों की संख्या 43 तक पहुंच गई है। हादसे में 204 लोग लापता हुए थे। रविवार को रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तपोवन सुरंग से 5 और शव मिले। रेस्क्यू लगातार जारी है, लेकिन सुरंग में फंसे लोगों के जीवित होने की संभावनाएं अब खत्म-सी हो गई हैं। टनल में कीचड़ भरा हुआ है। उसे हटाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आपदा के बाद अभी भी आसपास के कई गांवों का संपर्क टूटा हुआ है। आईटीबीपी राहत कैंप लगाकर लोगों को मदद दे रही है। गौरतलब है कि ग्लेशियर टूटने के बाद तपोवन स्थित NTPC की टनल में गीला मलबा भर गया था। ग्लेशियर टूटने के बाद ऋषि गंगा में आई बाढ़ में बह गए लोगों के परिजन अब निराश हो चुके हैं। सुरंग में फंसे या दूसरी जगह बह गए लोग अब जीवित होंगे, इसकी उम्मीदें दम तोड़ने लगी हैं। शनिवार को सुरंग और बैराज साइट पर पीड़ितों के परिजन न के बराबर मौजूद थे। डीएम स्वाति एस भदौरिया लगातार हादसे में लापता लोगों के परिजनों की हिम्मत बढ़ाते हुए कह रही हैं कि ‘उम्मीद रखिए, उम्मीद पर दुनिया कायम है।’ लेकिन रोजाना सामने आने वाला सच उनकी हौसला-अफजाई को बेअसर कर रहा है। तपोवन हादसे के बाद पर्यावरणविद और वैज्ञानिकों की चिंताएं बढ़ गई हैं। राज्य में अभी छोटे-बड़े करीब 58 बांध प्रस्तावित हैं, जिनके लिए करीब 1500 किमी लंबी सुरंगें बनाई जा रही हैं। इससे करीब 28 लाख की आबादी प्रभावित होगी। वहीं, ग्लेशियर टूटने जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होने की आशंका भी बढ़ जाएगी।

रविवार को इनके मिले शव-

आलम सिंह पुत्र सुन्दर सिह, निवासी टिहरी गढवाल

अनिल पुत्र भगत निवासी कालसी देहरादून,

जीतेंद्र कुमार पुत्र देशराज निवासी जम्बू कश्मीर,

शेष नाथ पुत्र जय राम निवासी फरीदाबाद,

जितेंद्र धनाई पुत्र मतवार सिंह निवासी टिहरी,
सूरज ठाकुर पुत्र श्रीनिवास रामपुर कुशीनगर,

जुगल किशोर पुत्र राम कुमार निवासी पंजाब,

राकेश कपूर पुत्र रोहन राम निवासी हिमाचल प्रदेश,

हरपाल सिंह पुत्र बलवंत सिंह निवासी चमोली,

वेद प्रकाश पुत्र राजेंद्र सिंह निवासी गोरखपुर,

धनुर्धारी पुत्र राम ललित सिंह निवासी गोरखपुर,

Share This News