FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhandथल

थल बाजार में मिठाई की दुकानों पर औचक छापेमारी, तीन नमूने लैब भेजे; बासी मिठाइयां कराईं नष्ट। 

दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 

थल संवाददाता। 

​थल (पिथौरागढ़): दीपावली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। रविवार को विभाग की टीम ने सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) आर.के. शर्मा के नेतृत्व में थल बाजार में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और बेकरी प्रतिष्ठानों की बारीकी से जांच की।

​निरीक्षण के दौरान मिलावट की आशंका के आधार पर मिठाई की दुकानों से लॉज मिठाई, खिलौना मिठाई और लड्डू के तीन नमूने एकत्र किए गए, जिन्हें गुणवत्ता जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

  • ​मौके पर नष्ट कराई बासी मिठाइयां

कार्रवाई के दौरान कई दुकानों में बासी व अमानक मिठाइयां पाई गईं। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 1 किलो मिल्क केक, 2 किलो बूंदी के लड्डू और 2 किलो डोडा बर्फी को मौके पर ही फिंकवाकर नष्ट करवा दिया।

  • ​दुकानदारों को सख्त दिशा-निर्देश जारी
  • ​तिथि अंकित करना अनिवार्य: व्यापारियों को खुली मिठाइयों के ट्रे/डिब्बों पर निर्माण तिथि (Date of Manufacturing) और उपयोग की अंतिम तिथि (Best Before Date) स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
  • ​तेल के पुनः उपयोग पर रोक: रेस्टोरेंट एवं होटल संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही उच्च गुणवत्ता वाले कुकिंग ऑयल का इस्तेमाल करने और किसी भी खाद्य तेल को तीन बार से अधिक गर्म कर तलने में प्रयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।
  • ​सफाई व्यवस्था: दुकानों में मक्खियों व धूल से बचाव और संपूर्ण परिसर में स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया।

​सहायक आयुक्त आर.के. शर्मा ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए पूरे जनपद में यह विशेष निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Share This News