कागजों में चमका जल जीवन मिशन, धरातल पर प्यासा बासुकीनाग धाम और सीमांत गांव।

गणाईगंगोली से कुन्दन मेहता की रिपोर्ट।
गणाई गंगोली। पिथौरागढ़ (उत्तराखंड): जल जीवन मिशन (JJM) के ‘हर घर जल’ के दावों के बीच पिथौरागढ़ जिले की धारी धूमला कोट ग्राम पंचायत से एक गंभीर मामला सामने आया है। आधिकारिक दस्तावेजों में 100% सफल दिखाई जा रही योजनाएं जमीनी हकीकत में महज ‘कागजी समापन’ का शिकार बनकर रह गई हैं। लाखों रुपये खर्च होने के बाद भी स्थानीय ग्रामीण और स्कूली बच्चे स्वच्छ पेयजल के लिए तरस रहे हैं।

फर्जी कनेक्शन और बिना पानी के नल
निर्माण शाखा गंगोलीहाट द्वारा 18 सितंबर 2024 को सीमा लेटी गांव में पाइप पहुंचाए गए और अगले ही दिन 19 सितंबर को 28-30 घरों में नल खड़े कर दिए गए। आरोप है कि कागजों पर फर्जी नामों से पेयजल कनेक्शन दिखाए गए हैं, जबकि इन नलों में पानी आपूर्ति की कोई वास्तविक योजना अब तक लागू ही नहीं की गई है।
बासुकी नाग पेयजल पंपिंग योजना: जिस धाम के नाम पर योजना, वही प्यासा
जिस बासुकी नाग धाम के नाम पर इस महत्वाकांक्षी पंपिंग योजना को स्वीकृति मिली थी, वह आज भी जल संकट से जूझ रहा है। विभाग एक तरफ इन गांवों की पेयजल पात्रता रद्द कर रहा है, वहीं दूसरी ओर जिला प्लान से सोलर पंपिंग लगाने का नया प्रस्ताव बनाने की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है।
स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र भी उपेक्षित
जल जीवन मिशन के स्पष्ट दिशानिर्देशों के बावजूद काकड़पानी स्थित:
जूनियर हाईस्कूल
प्राथमिक विद्यालय
आंगनबाड़ी केंद्र
इन सभी संवेदनशील संस्थानों को योजना से बाहर रखा गया है, जिससे नौनिहालों के स्वास्थ्य पर भी संकट मंडरा रहा है।
77 शिकायतों के बाद भी प्रशासन मौन
ग्रामीणों द्वारा दर्जनों बार आवाज उठाए जाने और 77 सामूहिक शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद अब तक शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई या आश्वासन नहीं मिला है।
पलायन का खतरा
क्षेत्रवासियों का कहना है कि जब तक सीमा लेटी, काकड़पानी और धारी धूमला कोट को मुख्य इलेक्ट्रिक पंपिंग योजना से नहीं जोड़ा जाता, तब तक क्षेत्र का भविष्य संकट में रहेगा और सीमांत इलाकों से पलायन की रफ्तार और तेज होगी।

