FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

पिथौरागढ़ में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 11 नमूने भरे, खराब खाद्य सामग्री कराई गई नष्ट।

 

पिथौरागढ़ संवाददाता। 

​पिथौरागढ़: आगामी रक्षाबंधन त्योहार के दृष्टिगत जिला प्रशासन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी आशीष भटगाईं के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और किराना स्टोरों पर औचक छापेमारी की।

​अभिहित अधिकारी (खाद्य संरक्षा) आर.के. शर्मा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान संदिग्ध पाए गए विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 11 नमूने एकत्रित किए गए हैं। इन सभी सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषणशाला, देहरादून भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में यदि सैंपल फेल या अधमानक पाए जाते हैं, तो संबंधित खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

​गंदगी और बिना लाइसेंस व्यापार पर चालान

कार्रवाई के दौरान स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने और बिना खाद्य पंजीकरण/लाइसेंस के कारोबार संचालित करने पर दो विक्रेताओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा दुकानदारों को नोटिस भी थमाए गए हैं।

​सड़ी-गली सामग्री कराई गई नष्ट

निरीक्षण टीम ने मौके पर मिले अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थों को तत्काल नष्ट करवाया। इसमें शामिल हैं:

​चार दर्जन सड़े हुए केले

​एक्सपायरी डेट के तीन पैकेट वनस्पति घी

​एक्सपायरी डेट के चार पैकेट मसाले

​व्यापारियों को सख्त निर्देश और चेतावनी

खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी कारोबारियों को सख्त हिदायत दी है कि:

​केवल गुणवत्तायुक्त और ढके हुए खाद्य पदार्थों की ही बिक्री करें।

​बासी मिठाइयों और एक्सपायरी सामान की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

​एक्सपायर हो चुके सामान को अलग संग्रहित कर तत्काल संबंधित कंपनियों को वापस भेजें।

​प्रतिष्ठान में स्वच्छता बनाए रखें और मिठाई बनाने वाले कारीगरों के लिए हेयर नेट व व्यक्तिगत स्वच्छता अनिवार्य करें।

​अभिहित अधिकारी ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों बख्शा नहीं जाएगा। त्योहारों के मद्देनजर यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This News