पिथौरागढ़: राजस्व संवर्धन को लेकर जिलाधिकारी सख्त, प्रवर्तन कार्रवाइयां और वसूली तेज करने के निर्देश।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। जिले में राजस्व वसूली की रफ्तार बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व संवर्धन से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वसूली और प्रवर्तन गतिविधियों को प्राथमिकता पर रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों द्वारा तय लक्ष्यों के सापेक्ष की जा रही वसूली की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राजस्व संग्रह में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमानुसार लंबित देयकों की समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने और प्रवर्तन कार्यों को लगातार बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बिजली चोरी पर तत्काल कार्रवाई के आदेश
समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई। जिलाधिकारी ने बिजली चोरी और अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तुरंत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि दिए गए सभी निर्देशों का अधिकारी गंभीरता से अनुपालन करें ताकि जिले में राजस्व संवर्धन के लक्ष्यों को समय रहते पूरा किया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

