FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

भूमि डिजिटलीकरण का ग्रामीण क्षेत्रों में करें व्यापक प्रचार-प्रसार: तहसीलदार अक्षय पंकज।

​तहसील परिसर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, अनुपयोगी दस्तावेजों का किया गया निस्तारण

​सिंगल यूज़ प्लास्टिक का त्याग करने और परिसर को हरा-भरा बनाने की अपील

​थराली (हरेंद्र बिष्ट)। जिलाधिकारी चमोली के निर्देशों के क्रम में थराली तहसील प्रशासन ने भूमि डिजिटलीकरण और राजस्व सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। रविवार को तहसील कार्यालय में तहसीलदार अक्षय पंकज की अध्यक्षता में राजस्व कर्मियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई।

​बैठक में तहसीलदार ने राजस्व परिषद द्वारा हाल ही में शुरू किए गए 06 भू-लेख पोर्टलों की जानकारी राजस्व कर्मियों को दी। उन्होंने कर्मियों को निर्देशित किया कि इन पोर्टलों की सुविधाओं और भूमि डिजिटलीकरण से संबंधित जानकारियों का ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि सुदूरवर्ती ग्रामीणों को तहसील के अनावश्यक चक्कर न काटने पड़ें और वे घर बैठे इन सेवाओं का लाभ ले सकें।

  • ​पुराने दस्तावेजों की छंटनी और स्वच्छता अभियान

बैठक के उपरांत तहसील कार्यालय में वर्षों से जमा अनुपयोगी और निष्प्रयोज्य दस्तावेजों की नियमानुसार छंटनी कर उनका निस्तारण किया गया। इसके साथ ही पूरे तहसील परिसर में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। तहसीलदार अक्षय पंकज ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिसर को पूरी तरह ‘सिंगल यूज़ प्लास्टिक’ मुक्त रखने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कार्यालय परिसर को सुंदर और स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ हरियाली बढ़ाने के लिए पौधारोपण पर भी विशेष जोर दिया।

​इस अभियान में रजिस्ट्रार कानूनगो अशोक नौटियाल, राजस्व उपनिरीक्षक रोबिट सिद्दीकी, मनीष सिंह, नायब नाजिर बलवीर लाल, पेशकार तोता कृष्ण जोशी सहित होमगार्ड और डीडीआरएफ (DDRF) के जवानों ने बढ़-चढ़कर श्रमदान किया।

Share This News