FEATUREDGeneralLatestNewsदिल्ली

यूपी हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश हेतु जस्टिस संजय यादव की संस्तुति

यूपी हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश हेतु जस्टिस संजय यादव की संस्तुति

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट:-

नई दिल्ली – प्रधान न्यायाधीश एन. वी. रमना की अध्यक्षता वाले सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने केन्द्र सरकार से इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायमूर्ति संजय यादव की नियुक्ति की सिफारिश की है। वे वर्तमान में इलाहाबाद हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का कार्यभार संभाल रहे हैं। इससे पहले केंद्र सरकार ने संजय यादव को 14 अप्रैल 2021 से हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया था। इसी वर्ष 08 जनवरी, 2021 को मध्यप्रदेश से इलाहाबाद उच्च न्यायालय में उनका ट्रांसफर किया गया था। पूर्व मुख्य न्यायाधीश गोविंद माथुर के रिटायर होने के बाद से न्यायमूर्ति संजय यादव एक्टिंग चीफ जस्टिस थे। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट से वकालत की शुरुआत करने के बाद वे इसी हाईकोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त हुये थे। इसके बाद प्रशासनिक न्यायाधीश और कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश भी रहे। न्यायमूर्ति संजय यादव ने 25 अगस्त 1986 को वकील के रूप में अपना करियर शुरू किया था। उन्होंने जबलपुर में मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में अपनी प्रैक्टिस शुरू की थी। उन्होंने जबलपुर में मध्यप्रदेश के हाईकोर्ट में दीवानी , राजस्व और संवैधानिक पक्षों पर वकालत की। इसके बाद उन्होंने मध्यप्रदेश के उप-महाधिवक्ता के रूप में कार्य किया। विगत 2 मार्च, 2007 को उन्हें मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। इसके बाद 15 जनवरी, 2010 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया। उन्हें 06 अक्टूबर, 2019 से 02 नवंबर, 2019 तक और 30 सितंबर, 2020 से 02 जनवरी, 2021 तक मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। वे मध्यप्रदेश के डिप्टी एडवोकेट जनरल भी रह चुके हैं।

Share This News