रा.पू.मा.वि. बर्षायत में चित्रकला प्रदर्शनी का आयोजन: बच्चों ने रंगों के जरिए उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत 2047’।

बेरीनाग संवाददाता
बेरीनाग राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बर्षायत में सोमवार को ‘सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण’ तथा ‘नशा मुक्त विद्यालय व नशा मुक्त उत्तराखण्ड’ अभियान के तहत चित्रकला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने चित्रों के माध्यम से अपने सपनों के भारत की सुंदर परिकल्पना पेश की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बर्षायत की प्रधान श्रीमती रेखा देवी रहीं, जबकि अध्यक्षता विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष नीता देवी ने की।
छात्रों ने साझा किए अपने विचार
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए ग्राम प्रधान रेखा देवी ने बच्चों से उनके चित्रों पर संवाद किया। बच्चों ने सहजता से वर्ष 2047 के भारत को लेकर अपनी सोच रखी।
12 अंक पाकर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा कु. निकिता ने कहा कि उनके सपनों का भारत उच्च श्रेणी की शिक्षा, भ्रष्टाचार मुक्त समाज और सुदृढ़ अर्थव्यवस्था वाला होगा।
द्वितीय स्थान पर रहीं कक्षा 8 की दिव्या ने कहा कि उनके सपनों का भारत पुनः ‘राम राज्य’ की संकल्पना को साकार करेगा।
तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा 7 की हेमा ने कहा कि 2047 के भारत में विश्वस्तरीय शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और सुदृढ़ यातायात व्यवस्था होगी।
कक्षा 6 के छात्र हेमंत ने स्कूली शिक्षा के सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया।
रचनात्मकता से होता है बौद्धिक विकास
संबोधन के दौरान अध्यक्ष नीता देवी ने बच्चों से कड़ी मेहनत कर हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए सहायक अध्यापक के. एन. पन्त ने कहा कि पूरे देश में लगभग 25 करोड़ बच्चे चित्रकला, भाषण व निबंध के जरिए ‘सपनों का भारत 2047’ पर अपने विचार व्यक्त कर रहे हैं। इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच और बौद्धिक क्षमता का विकास होता है।
इस अवसर पर सहायक अध्यापक विक्रम सिंह, महेंद्र कुमार, गीतिका देवी, हेमा देवी, मंजू देवी, जीतराम, महेश राम, ललिता देवी और चारू चन्द्र पन्त सहित कई अभिभावक व ग्रामीण उपस्थित रहे।

