राज्य स्तरीय टेबल टेनिस: हल्द्वानी के देवेश जोशी ने जीता अंडर-11 का खिताब, 160 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दम।

हल्द्वानी संवाददाता।
हल्द्वानी। हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तृतीय राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में स्थानीय खिलाड़ी देवेश जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-11 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया है। प्रतियोगिता में देहरादून के सार्थक बिष्ट दूसरे और हल्द्वानी के वंश टम्टा तीसरे स्थान पर रहे।
हल्द्वानी टेबल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 160 से अधिक खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्ग में हिस्सा लिया। रविवार को शुरू हुई यह प्रतियोगिता 29 सितंबर तक चलेगी। इससे पहले टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ उत्तराखंड राज्य खेल परिषद के उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री मोहन पाठक ने किया।
विजेता खिलाड़ियों को दिनेश अग्रवाल और एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डीके कांडपाल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पूर्व में भी कई प्रतियोगिताओं में अपना लोहा मनवा चुके देवेश जोशी की इस उपलब्धि पर उनकी माता प्रीति जोशी और पिता राकेश जोशी ने खुशी व्यक्त करते हुए इसे उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम बताया।
इस दौरान टेबल टेनिस संघ के सचिव प्रिंस विपिन, उपाध्यक्ष डीके कांडपाल, राकेश गुप्ता, संदीप गुप्ता सहित खेल प्रेमी एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

