वरिष्ठ वकील एवं पूर्व केन्द्रीय कानून मंत्री राम जेठमलानी नही रहे
मुकेश भारती / अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
नई दिल्ली — मशहूर वकील और पूर्व केंद्रीय मंत्री राम जेठमलानी का 95 साल की उम्र में उनके दिल्ली स्थित आवास में निधन हो गया है। वे एक सुप्रसिद्ध भारतीय वकील और राजनीतिज्ञ थे । छठवीं एवं सातवीं लोकसभा में वे भाजपा के टिकट पर मुंबई से दो बार चुनाव जीते और बाद में वे अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार में केंद्रीय कानून मंत्री एवं शहरी विकास मंत्री बने । वे पंद्रह दिन से गंभीर तौर पर बीमार चल रहे थे। देश के सबसे बेहतरीन वकीलों में उनकी गणना की जाती थी। उन्होंने अपने जीवन में कई बड़े-बड़े केस लड़े और जीते भी थे । वर्ष 2017 में वकालत कैरियर से सन्यास लेने की घोषणा करते हुए राम जेठमलानी ने कहा था कि भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
राम जेठमलानी ने जो प्रमुख केस लड़े उनमें नानावटी बनाम महाराष्ट्र सरकार, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के हत्यारों सतवंत सिंह और बेअंत सिंह, हर्षद मेहता स्टॉक मार्केट स्कैम, हाजी मस्तान केस, हवाला स्कैम,मद्रास हाईकोर्ट, आतंकी अफजल गुरु, जेसिका लाल मर्डर केस, 2जी स्कैम केस और आसाराम का मामला शामिल है।इसके साथ ही जेठमलानी ने बाबा रामदेव , राजीव गांधी के हत्यारों , लालू यादव , जयललिता और जगन रेड्डी की पैरवी कर चुके थे.

