berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhpputtarakhand

ऐतिहासिक बौराणी मेले का भव्य समापन: उमड़ा आस्था का जनसैलाब, मध्यरात्रि 27 फीट लंबी मशाल यात्रा रही मुख्य आकर्षण। 

ऐतिहासिक बौराणी मेले का भव्य समापन: 

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

  • ​समापन अवसर पर लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों पर देर तक झूमे दर्शक, सुव्यवस्थित संचालन की हुई सराहना। 

बेरीनाग। ​बौराणी क्षेत्र के प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं पारंपरिक ‘बौराणी कौतिक’ का हर्षोल्लास, अनुशासन और भव्यता के साथ समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन हजारों की संख्या में पहुंचे क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने इस लोक पर्व में शामिल होकर इसे यादगार बना दिया।

  • ​मध्यरात्रि 27 फीट लंबी मशाल यात्रा बनी मुख्य आकर्षण। 

बौराणी मेले का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक आकर्षण कार्तिक पूर्णिमा की मध्यरात्रि को देखने को मिला, जब भव्य मशाल झांकी बौराणी मंदिर पहुंची। इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। करीब 27 फीट लंबी और ढाई कुंतल वजनी यह विशाल मशाल चीड़ की ज्वलनशील लकड़ी (छिलके/छिल्ले) से तैयार की गई थी। ग्राम पंचायत डोबरगाड़ा के ग्रामीणों द्वारा इसे सस्योड़ा गांव में तैयार किया जाता है। रात के समय ग्रामीण ढोल-नगाड़ों और देव जयकारों के बीच 5 किलोमीटर की दुर्गम व खड़ी चढ़ाई पार करते हुए इस जलती मशाल को कंधों पर उठाकर मंदिर तक लाए, जो अटूट आस्था का प्रतीक बना।

  • ​अतिथियों का पारंपरिक स्वागत व सम्मान

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य दर्जा मंत्री नारायण राम आर्य ने शिरकत कर मेले की शोभा बढ़ाई। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में एडवोकेट सुरेंद्र कुमार, एडवोकेट विजय चंद्रा, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मण सिंह कार्की सहित समस्त ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य मौजूद रहे। मेला समिति द्वारा सभी अतिथियों व आगंतुकों का पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।

  • ​लोकगीतों की धुनों पर झूमे दर्शक। 

समापन संध्या पर सांस्कृतिक मंच से उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक गायक ललित मोहन जोशी, कल्याण बोरा, साक्षी काला और रोबो विक्रम ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए लोकगीतों और मधुर धुनों पर दर्शक देर तक झूमते नजर आए।

  • ​अनुशासन और मर्यादा की सर्वत्र प्रशंसा

मेला कमेटी अध्यक्ष राजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जिस अनुशासन और मर्यादा के साथ संपूर्ण मेले का संचालन किया गया, उसकी क्षेत्र में सर्वत्र सराहना हो रही है। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के सुव्यवस्थित आयोजनों से आने वाली युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति और अनुशासन की महत्वपूर्ण सीख मिलती है।

​संपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में मेला कमेटी उपाध्यक्ष पंकज सिंह, सचिव ममता बोरा, कोषाध्यक्ष व सह कोषाध्यक्ष केसर सिंह, सांस्कृतिक संयोजक कमल कार्की, संरक्षक एवं पूर्व अध्यक्ष दीवान सिंह बोरा, गोकुल सिंह बोरा, विशेष सहयोगी चंदन बोरा सहित समस्त कार्यकारिणी और क्षेत्रवासियों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में मेला समिति ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Share This News