सीमान्त यूथ मोर्चा व उत्तराखण्ड छात्र मोर्चा के युवाओं ने सहारा इण्डिया बैंक के खिलाफ प्रदर्शन किया
न्यूज होम लाइव व्यूरोः-
पिथौरागढ़। सीमान्त यूथ मोर्चा व उत्तराखण्ड छात्र मोर्चा के युवाओं ने सहारा इण्डिया बैंक के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि बैंक ने पहाड़ के मेहनतकश लोगों का चार करोड़ रूपया दबा रखा है। शीघ्र उनका पैसा नहीं लौटाया गया तो बैंक में तालाबन्दी की जायेगी।
सीयूमो के जिलाध्यक्ष जनार्दन पंत और छात्र मोर्चा के जिला संयोजक मुकेश कुमार के नेतृत्व में नयाबाजार वार्ड में युवाओं ने सहारा इण्डिया बैंक के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। सीयूमो जिलाध्यक्ष पंत ने कहा कि पहाड़ की भोली-भाली जनता को सहारा बैंक के प्रबंधन ने ठगने का काम किया है जिसे बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कहा कि लोगों के चार करोड़ रूपये बैंक दबाकर बैठा है और उन्हें रोज बैंक के चक्कर लगवा रहा है। कहा कि बैंक के इस रवैये से हमें शक है कि यह कहीं लोगों को धोखा देकर भाग न जाए। छात्र मोर्चा के जिला संयोजक मुकेश कुमार ने कहा कि जिन लोगों के पासबुक में समय पूरा हो चुका है उन्हें भी अभी तक बैंक ने रूपये नहीं लौटाए हैं। कहा कि गरीब आदमी अपनी मेहनत की एक-एक पाई इस बैंक में विश्वास से जमा कर रहा था और बैंक अब उसके पैसे लौटाने की बजाय रोज-रोज बहाने बनाकर उसे मायूस लौटा रहा है। कहा कि शीघ्र ही लोगों के पैसे नहीं लौटाए गए तो बैंक में तालाबंदी कर दी जाएगी। प्रदर्शन में सीयूमो जिला सचिव कैलाश कठायत, राहुल खत्री, लक्ष्मण बिष्ट, अजय लोहिया, जितेंद्र कुमार, सुरेश जोशी, गौतम लोहनी सहित कई युवा मौजूद रहे।

