LatestNewsछत्तीसगढ़

उपचार के बाद महिला ने तोड़ा दम,परिजनों ने चिकित्सक पर लगाया गलत उपचार का आरोप

पप्पू जायसवाल / मुकेश भारती की रिपोर्ट

सूरजपुर- रामानुजनगर हॉस्पिटल कॉलोनी स्थित अपने शासकीय आवास पर क्लीनिक चला रहे गणेशपुर चिकित्सालय में पदस्थ शासकीय चिकित्सक के इलाज से एक दलित महिला की मौत होने का मामला सामने आया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए चिकित्सक के विरुद्ध रामानुजनगर थाना में रिपोर्ट दर्ज करने आवेदन दिया है। घटना के बाद से आरोपी चिकित्सक फरार बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम ग्राम सरईपारा निवासी बदन राम की पत्नी श्रीमती बिरासो बाई उम्र 50 वर्ष का इलाज रामानुजनगर में निवासरत एक शासकीय चिकित्सक डॉ ऋषि शुक्ला के घर में चल रहा था। मृतिका के परिजनों ने बताया कि महिला को चिकित्सक ने बॉटल चढ़ाई और इंजेक्शन भी लगाई थी।

उपचार के बाद मृतिका की हालत पहले से ज्यादा खराब हो गई। बुखार पीड़िता बिरासोबाई को इलाज के कुछ देर बाद चिकित्सक के निवास पर ही खून की उल्टी होने लगी। परिजनों ने चिकित्सक को बताया तो चिकित्सक ने ठीक हो जाएगा कहकर घर भेज दिया। परिजन मरीज को लेकर घर जा रहे थे कि साप्ताहिक बाजार के पास पुनः उल्टी हुई और महिला की मौत हो गई। इस घटना से क्षुब्ध परिजनो ने थाना पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी और चिकित्सक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने हेतु आवेदन भी दिया। पुलिस ने मामले में जांच शुरु कर दी है।

विवाद बढ़ने पर तहसीलदार की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम
घटना के दूसरे दिन मृतिका की मौत के बाद पोस्टमार्टम करने की बात आई तो परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया। जनप्रतिनिधियों की हस्तक्षेप के बाद दो चिकित्सकों एवं दंडाधिकारी की मौजूदगी में मृतिका के शव का पोस्टमार्टम किया गया। तहसीलदार श्री जाटवर ने बताया कि जिले के कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देशानुसार मृतिका के शव का पोस्टमार्टम 2 सदस्यिय चिकित्सको की टीम और स्वयं उनकी उपस्थिति में किया गया है। पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय से चिकित्सक पहुंचे थे। रामानुजनगर चिकित्सालय में तनाव की स्थिति की सूचना पर सूरजपुर एसडीएम डॉ सुभाष सिंह राज भी पहुंचे और उन्होंने हालातों को देखते हुए मामले की जांच सूक्ष्मता के साथ करने के निर्देश स्थानीय पुलिस को दिए हैं। चिकित्सक के नदारद हो जाने के कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका है।

Share This News