मुक्तेश्वर से मसूरी एमटीबी साइकिल रैली का तीसरा दिन: बागेश्वर से तिलवाड़ा के लिए रवाना हुए 54 साइकिलिस्ट।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
बागेश्वर। उत्तराखंड के दुर्गम और खूबसूरत पहाड़ी रास्तों पर एडवेंचर पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘मुक्तेश्वर से मसूरी एमटीबी (माउंटेन बाइकिंग) साइकिल रैली’ रविवार को अपने तीसरे चरण में प्रवेश कर गई। तीसरे दिन 54 राष्ट्रीय स्तर के साइकिलिस्ट बागेश्वर से तिलवाड़ा के लिए रवाना हुए। इस रैली में हल्द्वानी से आए 65 वर्षीय बुजुर्ग साइकिलिस्ट दीप पांडे भी युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर साइकिल चलाते हुए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
- ऐसा रहा अब तक का सफर
एमटीबी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता की शुरुआत पहले दिन मुक्तेश्वर से हुई थी, जिसमें 61 राष्ट्रीय साइकिलिस्ट और 4 कोच शामिल थे। पहले चरण में प्रतिभागियों ने मुक्तेश्वर से पिथौरागढ़ तक की दूरी तय की। दूसरे दिन यह कारवां पिथौरागढ़ से बागेश्वर पहुंचा। आज यात्रा के तीसरे दिन 54 प्रतिभागी बागेश्वर से तिलवाड़ा के कठिन रास्तों को पार करने के लिए निकल पड़े हैं।
- कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) और अधिकारियों की अहम भूमिका
रैली के सफल संचालन और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (CFI) के अधिकारियों के साथ कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) की टीम भी मुक्तेश्वर से मसूरी तक साथ चल रही है। केएमवीएन की इस टीम का नेतृत्व टीम लीडर दीपक पंत कर रहे हैं। उनके साथ चरणजीत बिष्ट, भीम सिंह, संतोख बिष्ट और महेश कुमार व्यवस्थाओं को संभाल रहे हैं। बागेश्वर से रवानगी के दौरान सीएफआई अधिकारी, पर्यटन अधिकारी और पर्यटक आवास गृह बागेश्वर के प्रबंधक आनंद राम भी साइकिलिस्टों का उत्साहवर्धन करने के लिए मौजूद रहे।

