चम्पावत में आज यहां 96213 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

न्यूज होम लाइव नेटवर्क।
चंपावत। आज उपचुनाव में पुष्कर सिंह धामी सहित चार प्रत्यासियों के भाग्य का फैसला EVM में बंद हो जायेगा। इस दौरान आज यहां 96213 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 50,171 और महिला मतदाताओं की संख्या 46042 है। खटीमा सीट से विधानसभा चुनाव हार चुके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यहां उपचुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी, सपा समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार उर्फ ललित मोहन भट्ट और निर्दलीय हिमांशु गड़कोटी ताल ठोंक रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा । प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
नौ बजे तक 16.09 प्रतिशत मतदान
चंपावत विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान को लेकर हर वर्ग में उत्साह नजर आ रहा है। सुबह नौ बजे तक 16.09 प्रतिशत मतदान हो चुका है। दिन चढ़ने के साथ ही लोगों की भीड़ बूथों पर पहुंच रही है। कहीं किसी बूथ अभी कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि मतदान के लिए विधान सभा में 151 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों के लिए सभी 151 पोलिंग पार्टियों को भेज दिया गया है। सोमवार को 135 पोलिंग पार्टियां गंतव्य को रवाना हुईं। जबकि रविवार को दूरस्थ क्षेत्रों की 16 पार्टियों को रवाना किया गया था। सोमवार को जिलाधिकारी एवं एसपी देवेंद्र पींचा ने पोलिंग पार्टियों के साथ सुरक्षा में लगे जवानों की ब्रीफिंग की। जिलाधिकारी ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करने के निर्देश दिए।
एसपी ने भी सुरक्षा में तैनात जवानों को ट्रेनिंग में दी गई जानकारी को धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। पांच बजे बाद किसी भी मतदाता को बूथ परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जो मतदाता मतदान बूथ में पहुंच गए हैं और पंक्ति में खड़े हैं उन्हें ही पांच बजे बाद मतदान करने का अवसर मिलेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 32 बूथों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। इन बूथों की सुरक्षा, एसएसबी व पीएसी के हवाले की गई है। डीएम ने बुजुर्ग मतदाता को किया सम्मानित
चम्पावत विधानसभा के सबसे बड़े मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय कुलेटी पर बुजुर्ग मतदाता को जिलाधिकारी नरेंद्र भंडारी ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि आप वोटरों के लिए प्रेरणा है। इस उम्र में भी आपका जज्बा सराहनीय है।
प्रातः 9:00 बजे तक 16.09 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद दो घंटे में प्रातः 11:00 बजे तक 33.96 प्रतिशत मतदान हो गया था।

