वाल्मीकी कलौनी में शौचालय सहित कई समस्याओं से नाराज होकर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन
न्यूज होम लाइव व्यूरोः-
पिथौरागढ़। सीमान्त यूथ मोर्चा के युवाओं ने नगर की वाल्मीकी कलौनी में शौचालय सहित कई समस्याओं से नाराज होकर प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि महिलाओं के आत्मसम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा यदि 15 दिन के भीतर शौचालय नहीं बने तो जिलाधिकारी कार्यालय के सामने अधिसूचित क्षेत्र में धरना शुरू कर देंगे। सीयूमो के नगरध्यक्ष मुकेश कुमार (ज्ञानी) के नेतृत्व में नयाबाजार वार्ड में एकत्रित नौजवानों ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए सभा की। नगरध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि धर्मशाला लाईन में रह रहे वाल्मीकी कालौनी के पर्यावरण मित्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जाय रहा है। कहा कि वहां पर टूटे शौचालय, खुले चैम्बर, बंद पड़ी नालियां, कूड़े ढेर, खराब रास्ते, बंद पड़ी पोल लाईट स्वच्छ भारत अभियान की पोल खोल रही है। कहा कि महिलाएं शौचालय के टूटे दरवाजे की वजह से सुबह अंधेरे में शौच के लिए जा रही हैं। कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कहा कि 15 दिन के भीतर शौचालय की समस्या दूर नही हुई तो जिलाधिकारी कार्यालय के सामने अधिसूचित क्षेत्र में पर्यावरण मित्रों को साथ लेकर अनियमित धरना शुरू कर दिया जायेगा। प्रदर्शन में सुरेश जोशी, विनय भाटिया, विनोद बिष्ट, कैलाश कठायत, अजय लोहिया, गौतम लोहनी, शहनवाज खान, गुलाब कुमार सहित कई युवा मौजूद रहे।

