LatestNewsदिल्ली

कल प्रधानमंत्री मोदी जायेंगे दो दिवसीय रूस दौरे पर


मुकेश भारती / अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट


नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामरिक और व्यापारिक रिश्तों को मजबूती देने के लिये कल से दो दिवसीय रूस यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे एवं व्लादिवोस्तोक में पूर्वी आर्थिक मंच की बैठक में भी शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी घोषणा की। विदेश सचिव विजय गोखले ने मोदी के विदेश दौरे की घोषणा करते हुये कहा कि यह दौरा संक्षिप्त और करीब 36 घंटों का होगा।
संयुक्त राष्ट्र महासभा की 27 सितंबर की बैठक में भारत व पाकिस्तान दोनों का संबोधन होना है। इससे पहले पीएम मोदी की रूस यात्रा रणनीतिक रूप से भी बहुत महत्वपूर्ण है। पीएम मोदी और रूस के राष्ट्रपति पुतिन के बीच अफगानिस्तान में तेजी से बदलती स्थिति और खाड़ी देशों के हालात पर चर्चा होगी।

शिखर बैठक में शामिल होंगे

प्रधानमंत्री को पूर्वी आर्थिक मंच की बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिये आमंत्रित किया गया है। वह रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ 20वीं वार्षिक द्विपक्षीय शिखर बैठक भी करेंगे। पीएम की यात्रा के दौरान ऊर्जा क्षेत्र के लिये पाँच वर्ष का रोडमैप घोषित किये जाने की संभावना है।
बुधवार को व्लादिवोस्तोक पहुँचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी वहाँ के राष्ट्रपति पुतिन के साथ एक प्रमुख पोत निर्माण यार्ड का दौरा करेंगे। गोखले ने कहा कि दोनों नेता बाद में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता भी करेंगे। उसके बाद रात्रिभोज का आयोजन किया जायेगा। मोदी गुरुवार को सुबह कुछ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और बाद में पूर्वी आर्थिक मंच की पूर्ण बैठक में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री और रूसी राष्ट्रपति व्लादिवोस्तोक में होने वाली जूडो चैम्पियनशिप में भी भाग लेंगे।

Share This News