FEATUREDGeneralLatestNewsछत्तीसगढ़राज्य

राजिम माघी पुन्नी मेला 27 फरवरी से

राजिम माघी पुन्नी मेला 27 फरवरी से

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

राजिम — राजिम माघी पुन्नी मेला 2021 की तैयारियों को लेकर केंद्रीय समिति की बैठक राजिम नगर पंचायत के सभाकक्ष में धार्मिक , न्यास और पर्यटन मंत्री ताम्रध्वज साहू की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिसमें समिति के 50 विशिष्ट सदस्य मौजूद रहे। इसके पहले जिला प्रशासन को सूचना पत्र भेजकर बैठक में सम्मिलित होने और माघी पुन्नी मेला का भव्य आयोजन करने के लिये सुझाव भी मांगा गया था। बैठक में उपस्थित सभी लोगों से मेला के आयोजन को लेकर अपना-अपना सुझाव मांगा गया। राजिम माघी पुन्नी मेला 27 फरवरी से शुरू होगा और महाशिवरात्रि तक चलेगा। बैठक को संबोधित करते हुये गृह एवं धर्मस्व मंत्री साहू ने कहा प्रसिद्ध राजिम में हर साल आयोजित होने वाले माघी पुन्नी मेले में पूर्व वर्षाें की तरह श्रद्धालुओं की सुविधा के लिये सभी आवश्यक व्यवस्थायें पूर्ववत की तरह जायेगी। उन्होंने आगे कहा कि भारत सरकार के कोरोना गाइड लाइन को देखते हुये मेले में किसी प्रकार का शासकीय आयोजन नहीं किया जायेगा। राजिम माघी पुन्नी मेला का आयोजन स्वस्फूर्त ढंग से होगा। प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सहूलियत और यातायात की व्यवस्था आदि के इंतजाम किये जायें। उन्होंने कहा कि लोगों की सुविधा के लिये पूर्व वर्षाें की तरह सड़क, शौचालय, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सफाई आदि की व्यवस्था की जाये। कोविड-19 के चलते कोई भी स्टेज कार्यक्रम नहीं आयोजित होंगे लेकिन आम जनता और श्रद्धालुओं की आस्था का भी सम्मान किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से बचने के लिए मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से मास्क , सेनेटाइजर , फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिये आग्रह किया जाये। बैठक में वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि मेला स्थल में बांस, बल्ली सहित अन्य मदद दी जायेगी।
गौरतलब है कि राजिम माघी पुन्नी मेला का आयोजन इस वर्ष 27 फरवरी से 11 मार्च तक होगा। इस दौरान 27 फरवरी , 06 मार्च और 11 मार्च को तीन स्नान पर्व होगा। इस बैठक में राजिम विधायक अमितेश शुक्ल, अभनपुर विधायक धनेंद्र साहू, पूर्व विधायक लेख राम साहू, केन्द्रीय समिति के सदस्य, राजिम नगर पंचायत की अध्यक्ष रेखा सोनकर, गोबरा नवापारा पालिका के अध्यक्ष धनराज मध्यानी, जनपद पंचायत फिंगेश्वर के अध्यक्ष पुष्पा साहू एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित रायपुर सम्भाग के कमिश्नर ए. टोप्पो, गरियाबंद और धमतरी जिले के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

Share This News