FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhTOP STORIESuttarakhand

वेलांटायन डे – भारतीय परंपरा पर विशेष भारतीय संस्कृति : एक वैरागी की अलौकिक प्रेम कहानी

वेलांटायन डे – भारतीय परंपरा पर विशेष

भारतीय संस्कृति : एक वैरागी की अलौकिक प्रेम कहानी

 

न्यूज होम लाइव नेटवर्क:-

फरवरी का शीतकाल परंतु प्रेम के मामले में बहुत गरम रहता है । 3-4 दशक पूर्व कालेज में 1 अप्रैल को फूल डे मनाते तो देखा था लेकिन शेष डेज का तब आता पता नहीं था । इनकी लांचिंग कब हुई पता ही नहीं चला । बाजार वाद और सोशल मीडिया ने गजब ढंग से कई डेस लांच कर दिए। प्रेम दीवाने अंग्रेजी कलैंडर देख कर कभी रोज डे , कभी प्रपोज डे, कभी हग डे,कभी किस् डे और कभी चाकलेट डे मनाते हैं। सुबह उठिए एक नये डे के सोशल मीडिया पर मैसेज पर मैसेज । सोशल मीडिया के बर्थ डे के बाद 15-20 सालों में यह सब लोगों के मन मस्तिष्क में रचाया -बसाया गया है। इन सबकी परिणति 14 फरवरी के वैलेंटायन डे के रूप में हो जाती है। इस गोले के वासी (वैलेंटायन डे मनाने वाले ) 14 फरवरी को कहीं खुले, कहीं चोरी- छिपे गुलाब के फूलों की दुकानों में , गिफ्ट मार्केट में , समुद्र किनारे, पार्कों में प्रेम की कसमें खाते मिलेंगे। साथ ही इस परंपरा के विरोधी कुछ संगठन हाथ में लट्ठ और कालिख लिए इसका विरोध करते भी मिलेंगे।
जिस देश की हजारों वर्षों की सांस्कृतिक विरासत हो उसे प्रेम के मामले में भी आयातित संस्कृति पर निर्भर रहना पड़े तो चिंता का विषय है। यहाँ सतयुग,त्रेता ,द्वापर और कलयुग की अनेकों प्रेम कहानियाँ जन मानस में रची बसी हैं । शकुंतला- दुष्यंत , राधा -कृष्ण , हीर- रझा, पृथ्वी राज – संयुक्ता, बाजीराव – मस्तानी और बिम्बसार -आम्रपाली ..के अतिरिक्त अनेक प्रांतीय एवं क्षेत्रीय प्रेम कथाओं जैसे कुमाऊ की राजुल मालूशाही पर महाकाव्य, काव्य , नाटक, कोरस लिखे गये हैं । कई की प्रेमकथा पर फिल्मांकन भी हुआ है। महाकाव्यों में कालिदास का अभिज्ञानशाकुंतलम् और चंद्रवरदाई का पृथ्वीराज रासो अनमोल धरोहर हैं । राधा- कृष्ण के प्रेम पर तो हजारों भजन, गीत , फिल्म काव्य लिखे गये हैं। कृष्ण के द्वारिकाधीश बनते ही राधा बृंदावन में ही रह गयी । उनका ब्याह भी हो गया । अपने गृहस्थ धर्म के पालन के बाद अंतिम समय में वह कृष्ण से मिलने द्वारिका भी जातीं हैं। वहाँ रकमनी और सत्यभामा को देख वह विचलित तो होती हैं पर राधा का तो सच्चा आध्यात्मिक प्रेम था सो उन्होंने कृष्णदर्शन के बाद अपनी देह त्याग दी। मेरे मत में अवतारवाद की धारणा से अलग प्रेम की समीक्षा की जाए तो प्रेमपथ पर राधा के त्याग और समर्पण के आगे कृष्ण का प्रेम भाव समतुल्य नहीं है। लेकिन वैरागी बाबा शिव की प्रेम कथा अद्भुत अलौकिक और अतुल्य है। इनके प्रेम भाव में आपको सम भाव मिलेगा।
मैं यहाँ वैरागी शिव और सती माँ की उस प्रेम कथा की चर्चा करूंगा जो अलौकिक अमर प्रेम है । वह अमर इसलिए है की उसमें त्याग, अनुराग, सम्मान , समर्पण दोनों तरफ से बराबर है। इस प्रेम की पूजा के लिए आपको बाजारवाद के रास्ते नहीं जाना पड़ेगा । यह सब आपको अपने भीतर कहीं खोजने पर मिल जाएगा। यहाँ ,14 फरवरी के वेलांटायन डे की भी चर्चा करूंगा जो एक हफ्तों से सोशल मीडिया पर दस्तक डे रहा है। वेलेंटायन रोम में राजा क्लाडियस राजा के काल के एक पादरी थे । राजा ने युवकों की सेना में अरुचि के कारण ब्याह पर प्रतिबंध लगा दिया था। पादरी ने चुपके से चर्च में एक शादी करा दी । राजा क्लाडियस को राजाज्ञा के उलँघन का पता लगा उसने 14 फरवरी को वेलांटायन को फांसी की सजा दे दी। बाद में रोम के लोगों ने इसे प्रेम दिवस के रूप में मानना शुरू किया। 3-4 दशकों के बाजारवाद ने वेलांटायन को प्रेम का जगद्गुरु बना दिया।
प्रेम का मतलब होता है त्याग , समर्पण , निष्ठा और बलिदान । दुनिया की किताबों में हजारों प्रेम कहानियाँ भारी पड़ी हैं लेकिन वैरागी बाबा शिव और सती की जैसी प्रेम कथा शायद ही आपको कहीं सुनने को मिले। शिव पुराण और देवी महाभागवातपुराण शायद आपकी इस जिज्ञाशा को शांत कर दे । इस प्रेम में पति शिव और पत्नी सती का एक दूसरे के प्रति अनुराग, प्रेम , समर्पण और त्याग का अजब समिश्रण देखने को मिलता है। राजा दक्ष की पुत्री सती भोलेनाथ से ब्याही है।
दक्ष हरिद्वार में यज्ञ करते हैं। यह यज्ञ ब्रह्मा जी की अनुशंसा पर किया जाता है। इसमें विष्णु सहित सभी देव ,ऋषि गण, ब्राह्मण, यक्ष , गंधर्व आमंत्रित किए जाते हैं। लेकिन दक्ष अपने दामाद शिव को इसलिए आमंत्रित नहीं करते हैं कि उनका औघड़पन और यायावरी दक्ष को पसंद नहीं थी । प्रजापति दक्ष और भोलेनाथ के बीच महाकुंभ में तकरार तब शुरू हुई थी जब राजा दक्ष के दरबार शिव को छोड़कर सभी लोग उनके सम्मान में खड़े हो गये । दक्ष ने इसे अपना अपमान माना । शिव के प्रति उनके मन में द्वेष भाव बना रहा ।
कैलाश पर्वत में जब सती शिव से पूछती है स्वामी इतने सारे पुष्पक विमान कहां जा रहे हैं ? शिव बताते हैं कि कनखल में राजा दक्ष द्वारा यज्ञ में आमंत्रित देव, यक्ष, गंधर्व, किन्नर, ऋषि इन विमानों में कनखल जा रहे हैं । भोलेनाथ, सतीपति , देवधिदेव शिव को यज्ञ में नहीं बुलाया जाने का सती को बहुत दर्द हुआ। भला पिता द्वारा पति की अवहेलना कैसे स्वीकार करती सती । सती के अंतर्मन को अत्यधिक ठेस लगी उन्होंने भगवान शिव से बहुत याचना की कि मुझे पिता के पास प्रतिरोध के लिए हरिद्वार जाने दिया जाए लेकिन शिव ने सती को बहुत समझाया की जब बुलाया नहीं है तो बिना बुलाए जाना आपका उचित नहीं है बिना निमंत्रण के नहीं जाना चाहिए लेकिन सती के हठ के आगे देवाधिदेव महाकाल शिव की नहीं चली।
सती हरिद्वार पहुंच गई । उनकी मां प्रसूति के सिवा सती का किसी के द्वारा आगमन पर स्वागत भी नहीं किया। दक्ष ने कहा “ मैंने तुम्हें नहीं बुलाया इसका कारण तुम्हारा सिर्फ शिव पत्नी होना है ना कि तुम्हारे प्रति हमारे स्नेह भाव में कोई कमी है । तुमने अच्छा किया जो स्वयं ही चली आई तुम्हारे लिए वस्त्र , आभूषण आदि रखे हुए हैं वह सब तुम ले लो । त्रिलोक सुंदरी पुत्री सती तुम मेरे प्राण के समान हो । अयोग्य शंकर को पति के रूप में पाकर तुम बहुत ही दुखित हो। “
राजा दक्ष के द्वारा पति के अपमान से व्यथित क्रोध से प्रदीप्त नेत्रों वाली सती सभी देवताओं के सम्मुख देखते- देखते यज्ञ अग्नि में प्रवेश कर गई। यज्ञ मंडप क्षण भर में शमशान के रूप में परिवर्तित हो गया। दक्ष का यज्ञ भंग हो गया। जब यह समाचार शिव को मिला तो वे विचलित हो गए। उन्होंने अपने गण वीरभद्र को हरिद्वार भेजा । ब्रह्मा, विष्णु, ऋषि -मुनि, यक्ष, गंधर्व सबको वीरभद्र के क्रोध का कोप भाजन होना पड़ा। अंत में क्रोधित वीरभद्र ने प्रजापति दक्ष का सिर धड़ से अलग कर दिया। बाद में शिव यज्ञ स्थल पर पहुंचते हैं। सती का शरीर देखकर त्रिपुरारी मनुष्यों की भांति शोक से व्याकुल होकर सती के शरीर का आलिंगन करते हैं । चारों ओर नाचते हुए शिव जी सती के शरीर को कभी सिर पर, कभी दाएं हाथ में ,कभी बाया हाथ में तो कभी कंधे पर और कभी प्रेम पूर्वक वक्त स्थल पर धारण कर अपने चरण प्रहार से पृथ्वी को कंपित करते हुए तांडव करने लगते हैं । पूरी सृष्टि में हाहाकार मच जाता है लोग त्राह -त्राह करने लगते हैं ।
नारद जी ने शिव से याचना की कि ‘ प्रभु यह प्रलयंकारी नृत्य बंद करें आपके इस नृत्य से पृथ्वी पृथ्वी भी डूब रही है सभी पर्वत चला मन हो गए और देवगन स्वर्ग छोड़कर चले गए देवासुर तथा मानव की सारी सृष्टि नष्ट हो रही है।‘ इस पर सारे देवता विष्णु से आवेदन करते हैं कि कुछ समाधान निकालें। विष्णु ने सुदर्शन से सती की टुकड़े टुकड़े कर डालें यह टुकड़े जहां -जहां पर धरती में गिरे वहां माता सती की टुकड़ों के अनुसार 51 शक्तिपीठों का की स्थापना हुई ।
नारद जी के कहने पर भोलेनाथ ने तांडव तो त्याग दिया लेकिन विष्णु को शाप दिया की धरती पर मनुष्य का रूप धारण करके त्रेता युग में उन्हें सूर्य वंश में जन्म लेना पड़ेगा जहां उनकी मनोहर प्राणप्रिया पत्नी सती के समान अपनी छाया को अग्नि में छोड़कर माया से अंतर्धान हो जाएगी जिस तरह विष्णु ने मुझे मुझसे सती को टुकड़े-टुकड़े कर अलग किया है उसी प्रकार राक्षस राज कठोरता पूर्वक उनकी पत्नी का हरण कर उसे भी पीढ़ा पहुचाएंगे । शाप के बाद शिव सहज हो गए और अपने तीनों नेत्रों को फैला कर उन्होंने त्रिलोकी को देखा। बाद में भोलेनाथ का आक्रोश शांत हुआ उन्होंने देवताओं के बहुत आग्रह पर बकरे का सिर राजा दक्ष के दक्ष को लगाकर जीवित भी कर दिया ।

पति के अनादर के लिए अपने पिता के प्रेम को ठुकराकर उसके यज्ञ साधना को समाप्त करने के लिए अपने जीवन को यज्ञ अग्नि में समर्पण कर दे ऐसे प्रेम के उदाहरण दुनियां में नहीं मिलेंगे । पत्नी के प्रति शिव का अनुराग अद्भुत है क्योंकि वे बैरागी हैं, दिगंबरी हैं । एक बैरागी का पत्नी सती के प्रति ऐसा अद्भुत अनुराग । वे प्रेम में पागल हैं । प्रेम के सामने महेश्वर ने किसी लोक की परवाह नहीं की । एक बैरागी को इस तरह रागी होते देख देव , दानव , ऋषि , यक्ष , गंधर्व , किन्नर , नाग और मानव सब चकित थे । वे सती की मृत देह को अपने बाहों में उठाते हैं । उसे धारण कर पूरे ब्रह्मांड में तांडव करने लगते हैं। पूरे ब्रह्मांड में त्राहि-त्राहि मच जाती है। देव. दानव,यक्ष , ऋषि , मानव , गंधर्व, नाग, किन्नर सब कांपने लगते हैं। विश्व में कोई ऐसा उदाहरण नहीं मिलेगा जहां प्रेम में पति और पत्नी दोनों का एक दूसरे के प्रति भौतिक, आध्यात्मिक समर्पण हो । सती जहां जीवन त्याग देती है देवधिदेव भोलेनाथ उसके प्रेम में एक मृत शरीर को लेकर पूरे ब्रह्मांड के चक्कर तांडव मुद्रा में लगाते हैं।वे मृत सती को जीवित तो नहीं कर सकते थे लेकिन अपनी प्रियतमा की देह के खंड – खंड को शक्तिपीठ बना कर अमर कर दिया। आज सती के शरीर के 51 खंडों की पूरे भारत में शक्तिपीठों के रूप में उपासना होती है। एक बैरागी के इस अद्भुत प्रेम के आगे दुनिया की सारी प्रेम कहानियां आधी—अधूरी हैं । सारे प्रेम कहानियों का समर्पण आधा- अधूरा है। सारे प्रेम कहानियों का राग- अनुराग अधूरा है । सारे प्रेम कहानियों का सार भी अधूरा है। इस पीढ़ी को इस प्रेम, त्याग और समर्पण की इस पौराणिक कथा को जानना चाहिए ।

डॉ गिरजा किशोर पाठक
(लेखक भारतीय संस्कृति,सामाजिक समरसता,और कानून के विशेषज्ञ है। मध्य प्रदेश सरकार के पुलिस महानिरिक्षक से अवकाश प्राप्त भारतीय पुलिस सेवा के बड़े अधिकारी रहे है। मूल रूप से जनपद पिथोरागढ़ के पांखू के ग्राम भदिना दुनो के है)

Share This News