डीएसपी चयनित होने पर जिला पुलिस ने सुमन को दी बधाई।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चांपा – जिले के बम्हनीडीह गांव की निवासी कु. सुमन जायसवाल ने छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के द्वारा आयोजित परीक्षा उत्तीर्ण की है। उनका चयन उप पुलिस अधीक्षक के पद पर हुआ है। जाँजगीर चाँपा ज़िला पुलिस की ओर से चाम्पा के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस यदुमणि सिदार ने कु. सुमन को सफलता हासिल करने पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। चाम्पा पुलिस अनुविभाग के अंतर्गत आने वाले बम्हनीडीह गांव पहुंचकर एसडीओपी यदुमणि सिदार ने पीएससी की सफल प्रतिभागी सुमन को बधाई दी। वे उनके परिजनों से भी मिले और बालिका शिक्षा को प्रोत्साहित देने के लिये उनके उदारवादी रुख की मुक्तकंठ से सराहना की। चाँपा एसडीओपी ने इस मौके पर इस बात को भी प्रमुखता के साथ कहा कि जीवन के सभी क्षेत्रों में बालिकायें निरंतर बढ़ रहे हैं और वह अपनी सफलता से सभी को चमत्कृत करने में लगी हैं। सरकार के स्तर पर भी उन्हें प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने बम्हनीडीह की बेटी की सफलता को लेकर यह भी कहा कि इस तरह के उदाहरण से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी और वे भी उच्च स्थान प्राप्त करने के लिये अपनी ओर से भरसक प्रयास करेंगे।

