महाविद्यालय में भौतिक विज्ञान विभाग के तत्वावधान में क्वांटम भौतिकी के सौ वर्ष पूरे होने पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

एनएचएल नेटवर्क📡
बेरीनाग।राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के भौतिकी विभाग द्वारा “क्वांटम भौतिकी के सौ साल की यात्रा ” विषय पर एक भव्य एवं ज्ञानवर्धक कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. बिश्वा मोहन पाण्डेय के कुशल मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में क्वांटम मैकेनिक्स की उत्पत्ति, उसके वैज्ञानिक विकास, महत्वपूर्ण खोजों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में भौतिकी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ललित सिंह ने क्वांटम मैकेनिक्स जैसे जटिल विषय को सरल एवं रोचक शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्लांक, आइंस्टीन, हाइजेनबर्ग और श्रॉडिंगर जैसे महान वैज्ञानिकों के योगदान को रेखांकित करते हुए बताया कि किस प्रकार क्वांटम सिद्धांत ने आधुनिक विज्ञान और तकनीक को नई दिशा दी है। उन्होंने क्वांटम कंप्यूटिंग, क्रिप्टोग्राफी एवं नैनो तकनीक जैसे क्षेत्रों में इसके बढ़ते उपयोग पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित भाषण प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच और अभिव्यक्ति क्षमता को उजागर किया। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने क्वांटम मैकेनिक्स के विभिन्न पहलुओं पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में सौरभ सिंह (बीएससी छठा सेमेस्टर) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नेहा बोहरा (बीएससी चौथा सेमेस्टर) द्वितीय तथा मानसी पंत (बीएससी छठा सेमेस्टर) तृतीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का मूल्यांकन डॉ. लक्ष्मण सिंह देव, डॉ. प्रमेश टम्टा, डॉ. अश्वनी कुमार एवं डॉ. प्रदीप दुर्गापाल द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों के विचार, प्रस्तुति शैली एवं विषय की समझ के आधार पर निर्णय दिया। इस अवसर पर उपस्थित प्राध्यापकों ने भी विद्यार्थियों के उत्साह और ज्ञान की सराहना की।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे पूरे परिसर में शैक्षिक एवं वैज्ञानिक वातावरण बना रहा। अंत में भौतिकी विभाग द्वारा सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हुआ तथा उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

