berinagFEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhandराज्य

10 सूत्रीय मांगों को लेकर बेरीनाग में 19 अगस्त से धरना देंगे ग्राम प्रधान, बीडीओ के माध्यम से सीएम को भेजा ज्ञापन।

बेरीनाग संवाददाता। 

​बेरीनाग (पिथौरागढ़): प्रदेश प्रधान संगठन उत्तराखंड की 10 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई न होने से खफा ग्राम प्रधानों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संगठन ने ब्लॉक बेरीनाग मुख्यालय पर 19 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। इस संबंध में ग्राम प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।

​ज्ञापन में प्रधान संगठन ने बताया कि पिछले तीन महीनों से 10 सूत्रीय मांग पत्र लगातार सरकार को सौंपा जा रहा है, लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। इससे प्रदेश भर के ग्राम प्रधानों में भारी रोष व्याप्त है।

​ग्राम प्रधानों की प्रमुख मांगें:

  • ​मानदेय में वृद्धि: ग्राम प्रधानों को न्यूनतम 20,000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए और वार्ड सदस्यों को भी खुली बैठक में भाग लेने पर मानदेय का प्रावधान हो।
  • ​ऑफलाइन हाजिरी व दिहाड़ी बढ़ोतरी: पर्वतीय क्षेत्रों में नेटवर्क समस्या के कारण मनरेगा/VBGRAMG योजना में श्रमिकों की उपस्थिति ऑफलाइन की जाए। अकुशल श्रमिकों की न्यूनतम मजदूरी 600 रुपये और कुशल श्रमिकों की 800 रुपये प्रतिदिन की जाए।
  • ​प्रधान निधि का गठन: विधायक व सांसद निधि की तर्ज पर ग्राम प्रधान निधि की व्यवस्था की जाए ताकि आपदा, आगजनी व आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य हो सकें।
  • ​कार्यों की सीमा व अधिकार: पंचायती राज एक्ट के सभी 29 विभागों को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाए और 10 लाख तक के स्वीकृत कार्यों की कार्यदायी संस्था ग्राम पंचायत को बनाया जाए।
  • ​बीमा व टैक्स बाध्यता: ग्राम प्रधानों का स्वास्थ्य व जीवन बीमा कराया जाए। इसके अलावा, 16वें वित्त आयोग के तहत ग्राम पंचायतों पर अनिवार्य टैक्स लगाने व अनुदान में 20% कटौती के नियम को संशोधित किया जाए।
  • ​आवास योजना: प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे 2024 की प्राथमिकता सूची से छूटे जरूरतमंद ग्रामीणों के नाम तत्काल जोड़े जाएं।

​प्रधानों का स्पष्ट कहना है कि यदि 19 अगस्त 2026 से प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ब्लॉक मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन के दौरान व्यवस्था प्रभावित होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी। ज्ञापन देने वालों में ब्लॉक अध्यक्ष व विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान शामिल रहे।

Share This News